Namaste England Box Office Collection Day 7: अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ 18 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। नमस्ते इंग्लैंड के साथ ही आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘बधाई हो’ भी रिलीज हुई है। यह दोनों फिल्में पहले 19 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थीं। मेकर्स ने दशहरे की छुट्टी को देखते हुए फिल्म शुक्रवार को बजाए गुरुवार को ही रिलीज करने का फैसला लिया था। लॉन्ग वीकेंड का फायदा ‘बधाई हो’ को तो मिला लेकिन ‘नमस्ते इंग्लैंड’ को ठंडा रिस्पांस मिला।

‘नमस्ते इंग्लैंड’ फिल्म की शुरुआत ही धीमी हुई थी। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म अबतक केवल 6 करोड़ 60 लाख रुपए का ही बिजनेस करने में सफल हुई है। नमस्ते इंग्लैंड ने ओपनिंग डे पर 1 करोड़ 60 लाख रुपए की कमाई की थी। शुक्रवार को फिल्म ने 2 करोड़ रुपए कमाए और शनिवार को फिल्म ने 1 करोड़ 25 लाख रुपए का कारोबार किया। रविवार को फिल्म ने 1 करोड़ 35 लाख रुपए की कमाई की। सोमवार से अबतक फिल्म ने कुल 50 लाख रुपए का ही बिजनेस किया है। इस हिसाब से फिल्म का कुल कलेक्शन 6 करोड़ 60 लाख रुपए पहुंचा है।

दर्शकों का रिस्पांस देखते हुए ट्रेड पंडित ऐसे कयास लगा रहे हैं कि फिल्म का अगले सप्ताह सिनेमाघरों में टिक पाना मुश्किल है। अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा ने फिल्म में पति-पत्नी का रोल अदा किया है। अर्जुन कपूकर ने परम और परिणीति ने जसमीत का रोल अदा किया है। ‘नमस्ते इंग्लैंड’ का बजट करीब 40 करोड़ रुपए का बताया जाता है। रिलीज से पहले ऐसा माना जा रहा था कि लव स्टोरी होने के चलते नमस्ते इंग्लैंड बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर सकती है।