मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य (Ganesh Acharya) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कोरियोग्राफर पर एक 33 वर्षीय महिला कोरियाग्राफर का यौन शोषण करने को लेकर मुंबई पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने गणेश पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि जब भी मैं किसी काम के लिए उनके ऑफिस पहुंचती थी, हमेशा उन्हें अश्लील वीडियो देखते हुए ही पाती थी।

महिला के मुताबिक कोरियोग्राफर उसको भी वीडियो देखने के लिए दबाव बनाते थे। और कहते थे कि आपको भी यह वीडियो पसंद आएंगे। हालांकि गणेश आचार्य ने महिला के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी छवि को खराब की जा रही है।

इसके साथ ही कोरियोग्राफर पर एक और महिला ने 30 साल पुराने मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आचार्य ने साल 1990 में उनके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया था। मिड डे को दिए साक्षात्कार में उसने बताया कि, यह मेरे साथ 30 साल पहले हुआ था। मेरी शादी हो चुकी है और मेरे बच्चे हैं, लेकिन वह बिल्कुल भी नहीं बदला।

गौरतलब है कि गणेश आचार्य अभी इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन कोरियोग्राफर्स एसोसिएशन के महासचिव पद पर हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला कोरियोग्राफर भी इस एसोसिएशन की सदस्य हैं। जनवरी में एसोसिएशन की एक मीटिंग में महिला अपनी बात रखने पहुंची थी जहां पर उसके साथ मारपीट हुई थी। गणेश तब महिला के आरोपों को लेकर कहा था कि उन सभी पर मानहानि का केस दायर करेंगे।