डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की विवादित फ़िल्म ‘मैसेंजर ऑफ गॉड’ (एमएसजी) आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई। डेरा प्रवक्ता आदित्य इंसान ने बताया कि फिल्म देशभर में 2,500-3,000 से ज्यादा स्क्रीनों पर रिलीज की गई है।
इतना ही नहीं उन्होंने हरियाणा की सरकार सहित सभी राज्य सरकारों से ‘एमएसजी-द मैसेंजर’ को मनोरंजन कर से मुक्त करने की गुजारिश भी की है।
इससे पूर्व एक दिन पहले सिख समूहों के प्रदर्शनों की आशंका के चलते हरियाणा पुलिस ने राज्य में अलर्ट जारी किया है और कई जिलों में निषेधाज्ञा लागू की है।
शांति बनाये रखने के लिये अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है क्योंकि सिख समूह फिल्म का विरोध कर रहे हैं। इसको लेकर पहले ही पंजाब और हरियाणा के हिस्सों में आगजनी हो चुकी थी।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) यशपाल सिंघल ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाये रखने की अपील की है। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वह अपने इलाकों के सिनेमा हालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करें ताकि फिल्म शांतिपूर्वक प्रदर्शित हो सके। लोगों से फिल्म के प्रदर्शन को जनसभा नहीं करने को भी कहा गया है।
चंडीगढ के गृह सचिव अनुराग अग्रवाल ने बताया ‘‘हमने फिल्म के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिये पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किये हैं।’’
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने कहा, ‘‘पूरा राज्य अलर्ट पर है। हमने अपने पुलिस बल को सुदृढ़ किया है और इसे अतिसंवेदनशील इलाकों में (कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए) तैनात किया है।’’
अकील ने कहा कि अभी तक स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियाती उपाय कर रही है। निषेधाज्ञा आदेश कुरुक्षेत्र में उन सिनेमा घरों के 200 मीटर के दायरे में लागू किए गए हैं, जहां पर फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे फिल्म देखने के लिए समूह में न आएं और इस फिल्म को अन्य फिल्मों की तरह ही लें।