इंटरनेट पर इन दिनों मलयालम एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश वारियर अपने तीखे नैन नक्श के लिए चर्चा में बनी हुई हैं। अपने वीडियो के जरिए वह रातों रात इंटरनेट सेंसेशन बन चुकी हैं। प्रिया प्रकाश वारियर एक युवा एक्ट्रेस हैं जो मलयालम फिल्म ओरू अदार लव में नजर आएंगी। हाल ही में इस फिल्म का गाना मानिकया मलरया पूवी रिलीज हुआ है। इस गाने में वह अपने लुक और अदाओं की वजह से चर्चा में आ गई हैं। गाने में अपनी खूबसूरती से सबके दिलों में समाने वाली प्रिया के अलावा भी एक ऐसा एक्टर है जो अब चर्चा बटोर रहा है। यह एक्टर उनके वीडियो में नजर आ रहा है।
जहां प्रिया प्रकाश रातों रात जवां दिलों की धड़कन बन गई हैं। वहीं वीडियो में कुछ समय के लिए नजर आया एक एक्टर भी अब लड़कियों के बीच फेमस होता जा रहा है। इस यंग एक्टर का नाम रोशन अब्दुल रहूफ है। वह मात्र 18 साल के हैं और फिल्म के वीडियो में एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश से फ्लर्ट करते नजर आ रहे हैं। अब तक प्रिया के बारे में तो सभी जान चुके हैं चलिए अब रोशन के बारे में भी कुछ जान लेते हैं। रोशन अभी कॉलेज स्टूडेंट हैं। वह थ्रिसुर में आईसीए के फर्स्ट ईयर स्टूडेंट हैं। रोशन एक्टर के अलावा एक अच्छे डांसर भी हैं। वह माछविल मनोरमा पर आने वाले डांस रिएलिटी शो ‘डी4’ में भी हिस्सा ले चुके हैं। वह इस शो में फाइनलिस्ट भी रहे हैं।

यह रोशन की पहली फिल्म है। फिल्म के गाने के बाद चर्चा में आए रोशन का कहना है कि, ‘यह मेरी पहली फिल्म है। मैंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी। इस फिल्म में पांच हीरो और पांच हिरोइन हैं। मैं और प्रिया उनमें से एक जोड़ी हैं’। वहीं जब रोशन से उनके परिवार की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘वह सभी काफी उत्साहित और खुश हैं’। बता दें फिलहाल रोशन को अभी तक कोई और फिल्म का ऑफर नहीं मिला है लेकिन उम्मीद है कि इस पॉपुलेरिटी के बाद उन्हें अच्छे ऑफर मिलने लगेंगे।