मणिपुर की बिशेष हुइरेम 9 नवंबर को थाईलैंड में होने वाले मिस इंटरनेशनल क्वीन ब्यूटी कांटेस्ट में हिस्सा लेने जा रही हैं। 27 वर्षीय बिशेष हुइरेम एक ट्रांसजेंडर हैं। उन्होंने थिएटर और सिनेमा में काम किया है। हुइरेम थाईलैंड के चोन्बुरी में होने वाले इस कांटेस्ट के लिए चुने गए 30 प्रतिभागियों में से एक हैं। यह कांटेस्ट केवल ट्रांसजेंडरों के लिए ही है, इसकी शुरुआत साल 2004 में की गई थी। बिशेष हुइरेम ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी से फैशन और परिधान डिजाइनिंग में ग्रेजुएशन किया है। इसके साथ ही उन्होंने मणिपुरी फिल्मों और थिएटर में भी काम किया है।
इस कलाकार के माता-पिता ने उनके ट्रांसजेंडर होने का पता चलने पर धैर्य का परिचय दिया। बिशेष के पिता मैंग्लेम ने बताया, ‘इस बात को समझने की जरूरत है कि मेरा बेटा एक लड़की से कहीं बढ़कर है। वह मीडिया से मिलने के लिए तैयार होने में कई घंटे लगाता है। शुरू में मैं उसके व्यक्तित्व के खिलाफ था, लेकिन मैं उसे नई दिशा नहीं दे सका।’ हाल में सरकारी नौकरी से रिटायर होने वाले मैंग्लेम भी मणिपुरी फिल्मों और थिएटर में जाना -पहचाना नाम हैं।
बिशेष की मां खोमदोन्बी ने बताया कि शुरुआत में वह अपने बेटे के लड़कियों के कपड़ों के प्रति आकर्षित होने पर काफी नाराज होती थी, लेकिन बाद में उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। महिलाओं के लिए ब्यूटी पार्लर भी चलाने वाले बिशेष पिछले साल पासपोर्ट और वीजा नहीं बन पाने की वजह से प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो पाए। बिशेष ने बताया कि कोई स्पानसर नहीं मिलने से उन्हें प्रतियोगिता और यात्रा से जुड़े खर्चों का खुद ही भार उठाना पड़ रहा है। एक मशहूर ट्रांसजेंडर होने की वजह से बिशेष को कई बार बेमतलब के विवादों का भी सामना करना पड़ा है, लेकिन उन्हें राज्य के और ट्रांसजेंडरों का समर्थन मिला हुआ है। बिशेष के साथियों को पूरा भरोसा है कि यह खिताब जरूर बिशेष के नाम होगा और फिलीपींस की मौजूदा मिस इंटरनेशनल क्वीन ट्रिक्सी मैरिस्टेला उन्हें ही ताज पहनाएंगी।
Read Also: दुबई एयरपोर्ट पर ट्रांसजेंडर होने के चलते घंटों हिरासत में रही कनाडा की मॉडल
(All Photos Source- Facebook)