पेरिस में टीवी स्टार किम कर्दाशियां के बाद अब बॉलिवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। डेली मेल के मुताबिक मास्क लगाए हुए तीन लोगों ने मल्लिका और उनके लवर साइरिल ऑक्‍जेनफेन्‍स (45) पर 11 नवंबर (शुक्रवार) की रात हमला किया। यह हमला उनके अपने अपार्टमेंट के ब्लॉक में ही हुआ, उस दौरान दोनों किसी समारोह से लौटकर फ्लैट पर पहुंचे थे। टीवी स्टार किम के साथ जिस फ्लैट में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था वो साइरिल के फ्लैट के पास ही है।

Le Parisien अखबार के मुताबिक अपराधियों ने स्कार्फ से अपने चेहरे को ढ़का हुआ था और बिना कुछ कहे उन्होंने पीड़ितों (मल्लिका और उनके बॉयफ्रेंड) को मारने से पहले उन पर टीयर गैस का स्प्रे किया। अचानक हुए इस हमले के बाद मल्लिका और उनके दोस्त ने इमरजेंसी सर्विसेस को फोन किया, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने इस मामले में आपराधिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस खुफिया अफसरों के साथ मिलकर डकैती के प्रयास को हमले की वजह मानकर जांच कर रही है। जाने माने रियल एस्टेट कारोबारी साइरिल ऑक्‍जेनफेन्‍स ने इस बिल्डिंग में फ्लैट ले रखा है, जहां पर हमला हुआ।

आधिकारियों ने बताया कि मल्लिका और साइरिल दोनों को मामूली रूप से घायल हुए हैं। जांचकर्ता हमले की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए जांच चल रही है।

मल्लिका शेरावत ने 2013 में कांस फिल्म फेस्टिवल में भारत के खिलाफ बोला था। उन्होंने कहा कि भारत महिलाओं के लिए अच्छा देश नहीं है इसलिए वो आधा वक्त भारत में और आधा अमेरिता में बिताती हैं। मैंने भारत और लास एंजेलिस के बीच समय बांटकर समझदारी दिखाई। मैं अमेरिका में सामाजिक आजादी का आनंद लेती हूं और भारत वापस आ जाती हूं। मल्लिका ने कहा कि भारत औरतों की प्रगति नहीं चाहता है, यह एक निराश करने वाली जगह है। एक स्वतंत्र महिला के लिए तो यह सचमुच निराश करने वाली जगह है।

45 साल के बॉयफ्रेंड के साथ मल्लिका। (Image Source: Instagram)

गौरतलब है कि पिछले महीने टीवी स्टार और कर्दाशियां सिस्टर्स में से एक किम कर्दाशियां पर भी कुछ लोगों ने हमला करके उनसे लूटपाट की थी। किम कर्दाशियां वेस्‍ट के प्रवक्‍ता ने बताया था कि उन्‍हें पेरिस के होटल के कमरे में बंदूकधारियों ने बंधक बना लिया था। उसके अनुसार, पुलिस अफसरों की तरह कपड़े पहने दो नकाबपोश हथियारों के साथ होटल के कमरे में रविवार रात घुस आए। बताया जा रहा है कि हमलावर किम से करोड़ों रुपए की ज्‍वेलरी लूट ले गए। किम फैशन वीक के सिलसिले में पेरिस गई थीं। उन्‍होंने रविवार शाम को गुवेंची का शो अटेंड किया। पिछले सप्‍ताह भी किम पर एक सोशल सेलिब्रिटी अटैकर ने एक रेस्‍तरां में घुसते समय हमला करने की कोशिश की थी। कर्दाशियां पर 2014 में पेरिस फैशन वीक के बाहर भी हमला हो चुका है। किम और उनके पति के लिए पेरिस काफी अहम है, उन्‍होंने मई 2014 में फ्लोरेंस में शादी से पहले वीकेंड यहीं बिताया था।

पेरिस में छुट्टियां व्यतीत करती हुईं मल्लिका (Image Source: Mallika Sherawat/Instagram)