ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में रहने या ना रहने पर हुए जनमत संग्रह का फैसला काफी करीबी रहा। ब्रिटेन की जनता ने अलग होने का फैसला किया और इसके पक्ष में 52 प्रतिशत वोट पड़े। लेकिन जब पूरी दुनिया की नजर इन नतीजों पर थी उस समय हॉलीवुड एक्ट्रेस लिंडसे लोहान भी इस मुद्दे पर अपनी राय दे रही थी। लोहान टि्वटर पर लाइव ट्वीट कर रही थी। इस दौरान उन्होंने ओबामा, पाउंड और यूरोपियन सेफ्टी निर्देशों के बारे में कई अस्पष्ट ट्वीट किए। बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिए।
लिंडसे लोहान के टि्वटर पर करीब 9.28 मिलियन फॉलोअर हैं। उन्होंने लगातार चार घंटे तक ट्वीट किए। साथ ही यह बताया कि उनका अकाउंट हैक नहीं हुआ है। उन्होंने पहला ट्वीट किया और लिखा कि ध्यान दीजिए और कड़ी मेहनत कीजिए। संडरलैंड कहां है। इसके बाद तो उन्होंने ट्वीटस की झड़ी लगा दी। उन्होंने अपनी फिल्म मीन गर्ल्स के डायलॉग का इस्तेमाल भी किया। जिन निर्वाचन क्षेत्रों ने यूरोपीय संघ के साथ रहने का फैसला किया, उनके लिए लिंडसे ने थैंक यू ट्वीटेड फ्रॉम लोहान भी लिखा।
लिंडसे के कई ट्वीट के बारे में तो समझ ही नहीं आया कि वह क्या कहना चाहती हैं। इसका सोशल मीडिया पर काफी मजाक भी बनाया गया। गौरतलब है कि लिंडसे काफी विवादों में रही हैं। उन पर शराब पीकर गाड़ी चलाने और दुर्व्यवहार के मामले भी दर्ज हो चुके हैं।
