ब्रिटेन में रविवार को हुए एक शानदार समारोह में दक्षिण अफ्रीका की 22 वर्षीया मेडिकल छात्रा रोलेन स्ट्रॉस को मिस वर्ल्ड चुना गया। स्ट्रॉस को पहले ही खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। सट्टेबाजों ने स्ट्रॉस के बाद 21 वर्षीया मिस इंडिया कोयल राणा को दूसरा सबसे पसंदीदा माना था। वह टॉप टेन में भी जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन अंतिम पांच में शामिल नहीं हो सकीं।

हालांकि जयपुर में जन्मीं और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ीं कोयल राणा ने बेस्ट डिजायनर का खिताब जीता। कोयल को केन्या, इंडोनेशिया, ब्राजील और गुयाना की प्रतियोगियों के साथ संयुक्त रूप से ब्यूटी विद अ परपज अवार्ड भी मिला। वह एक बेहतरीन नृत्यांगना और सक्रिय सोशल वर्कर भी हैं। समारोह की शुरुआत में कोयल ने पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय की फिल्म देवदास के डोला रे डोला गाने पर नृत्य पेश किया था। कार्यक्रम में ऐश्वर्या भी मौजूद थीं।

समारोह की शुरुआत में कोयल ने पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय की फिल्म देवदास के डोला रे डोला गाने पर नृत्य पेश किया था। (फोटो: एपी)


पिछले साल बाली में हुई मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में फिलीपींस की मेगन यंग के सिर यह ताज सजा था। मेगन यंग ने ही स्ट्रॉस को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया। प्रतियोगिता के अंतिम पांच प्रतियोगियों में दक्षिण अफ्रीका, हंगरी, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और ब्रिटेन की प्रतिभागी शामिल थीं। अमेरिका प्रतियोगी एलिजाबेथ सैफ्रिट तीसरे और हंगरी की प्रतियोगी एडिना कलसर दूसरे स्थान पर रहीं।

 

लंदन में 63 साल बाद मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था लेकिन मेजबान देश को खिताब हासिल नहीं हो सका। इस साल 121 देशों की सुंदरियों ने आयोजन में भाग लिया था। भारत की ओर से अंतिम बार प्रियंका चोपड़ा ने 2000 में यह खिताब जीता था। दुनिया भर में करीब एक अरब दर्शकों ने टीवी पर मिस वर्ल्ड प्रतियोगता का सजीव प्रसारण देखा।