पूरे उत्तर भारत में भोजपुरी गाने यूट्यूब से लेकर डीजे तक धूम मचा रहे हैं। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और गायक खेसारीलाल यादव का नया भोजपुरी गाना ‘तू लड़की है ऑक्सीजन नहीं’ रिलीज होते ही यूट्यूब पर छा गया है। खेसारी का नया गाना फैंस के दिलों में धमाल मचा रहा है। गाने में खेसारी के साथ खुशबू तिवारी केटी ने भी अपनी आवाज दी है। इस गाने के बोल यादव राज ने लिखे हैं और संगीत ओम झा ने दिया है। गाने का निर्देशन कमल कुमावत ने किया है।
‘तू लड़की है ऑक्सीजन नहीं’ गाना स्पीड रिकॉर्ड्स भोजपुरी नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह रिलीज हुए गाने को अबतक एक मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। गाने को जबरदस्त शेयरिंग और लाइक्स भी मिल रहे हैं।
खेसारी लाल यादव का तीन महीने पहले आया गाना ‘रेड लिपस्टिक’ भी जबरदस्त हिट साबित हुआ था। यह गाना भी स्पीड रिकॉर्ड्स भोजपुरी पर ही रिलीज हुआ था। इस गाने को अब तक 44 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। खेसारी लाल यादव को असली पहचान तीन साल पहले आए गाने ‘ऊ भूला गईली ‘ से मिली थी। इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 345 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
बिगबॉस के घर के सदस्य रह चुके हैं खेसारी : भोजपुरी में कई सुपरहिट फिल्में और एल्बम बना चुके सुपरस्टार खेसारी लाल यादव बिगबॉस के घर के सदस्य भी रह चुके हैं। खेसारी लाल यादव ने बिगबॉस सीजन 13 में भाग लिया था। हालांकि 20 दिन के बाद ही खेसारी ने बिगबॉस के घर को अलविदा कह दिया था। बिग बॉस के घर में खेसारी लाल यादव ने खूब गाने भी गाए थे। बिग बॉस के घर में उनकी टीवी एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला से लड़ाई भी हो गई थी।
आरजेडी के लिए खेसारी ने किया था प्रचार : हाल ही में हुए बिहार के विधानसभा चुनाव में खेसारी लाल यादव लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के पक्ष में प्रचार करते हुए नजर आए थे। उन्होंने आरजेडी के कई प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया था। उन्हें देखने के लिए खूब भीड़ भी उमड़ी थी।