टीवी का पॉपुलर रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी में आने वाले एपिसोड में दिलचस्प मोड़ आने वाला है। स्टंट आधारित शो से हर्ष लिम्बाचिया के बाहर होने के बाद अब केवल 6 कंटेस्टेंट बचे हैं। शो के अपकमिंग प्रोमो वीडियो के मुताबिक, शो के होस्ट रोहित शेट्टी विकास गुप्ता को स्टेरॉयड लेने के लिए सबक सिखाते हैं। दरअसल विकास शो में अपना प्रदर्शन बेहतर करने के लिए स्टेरॉयड का सेवन कर रहे थे।
प्रोमो वीडियो में दिखाया जाता है कि कॉमेडियन भारती सिंह होस्ट रोहित शेट्टी के साथ रोमांटिक हो जाती है और बाद में ब्लश करने लगती हैं। रोहित भारती से कहते हैं, ”अब हर्ष शो से बाहर हो गया है तो यह सब करोगी?” रोहित की यह बात सुनकर सभी कंटेस्टेंट हंसने लगते हैं। भारती सिंह भी अपनी हंसी नहीं रोक पाती हैं। हर्ष के एलिमिनेट होने पर भारती सिंह रविवार को एपिसोड में काफी इमोशनल नजर आईं।
शो में गंभीर माहौल उस वक्त बन जाएगा जब रोहित शेट्टी का ध्यान विकास पर जाएगा। रोहित शेट्टी ने विकास गुप्ता को शो में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए स्टेरॉयड लेने के लिए डांट लगाई। रोहित विकास से कहते हैं कि ऐसा करके उन्होंने शो के नियमों का उल्लघंन किया है।
विकास गुप्ता ने खुद का बचाव करते हुए इस मामले में जैन इमाम को भी खींचा। विकास ने रोहित से कहा कि जैन ने भी प्री-वर्कआउट सप्लिमेंट लिया हुआ है। हालांकि अब इस पूरे मामले में देखना बाकि है कि जैन का क्या रिएक्शन और जवाब आता है। जनवरी महीने में ऑनएयर हुए शो खतरों के खिलाड़ी दर्शकों की फेवरेट लिस्ट में बना हुआ है। यही कारण है कि शो टीआरपी लिस्ट में पहले नंबर पर बरकरार है। शो में विकास गुप्ता, भारती सिंह, जैसमीन भसीन, एली गोनी, शमिता शेट्टी और पुनीत समेत कई लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं।


