बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की जोड़ी आज काफी चर्चा में रहती है। दोनों कई बी-टाउन पार्टीज़ में साथ नज़र आते हैं। लेकिन एक समय ऐसा था जब अभिषेक के साथ करिश्मा कपूर का नाम चर्चा में रहता था। दोनों कई जगह साथ स्पॉट किए गए थे। यहां तक कि अभिषेक बच्चन की मां जया बच्चन ने तो मीडिया के सामने करिश्मा कपूर को अपने परिवार की बहू बता दिया था। इस दौरान मंच पर अमिताभ बच्चन भी मौजूद थे।

साल 2002 में फिल्म ‘हां मैंने भी प्यार किया’ के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए थे। फिल्म में लीड रोल में करिश्मा कपूर के साथ अभिषेक बच्चन नजर आए थे। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई थीं। इस दौरान ही जया बच्चन ने अचानक करिश्मा कपूर को अपने परिवार की बहू बताकर सबको चौंका दिया था। जया यहीं नहीं रुकीं उन्होंने आगे कहा, ‘ये अभिषेक की तरफ से अपने पिता के लिए एक तोहफा है।’

अचानक टूट गई थी अभिषेक से सगाई: अमिताभ बच्चन के 60वें जन्मदिन के मौके पर ये कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान करिश्मा के माता-पिता को भी मंच पर बुलाया गया था। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस दिन ही दोनों की सगाई भी हुई थी, लेकिन बाद में ये सगाई टूट गई थी। कहा गया कि जया बच्चन चाहती थीं कि करिश्मा बच्चन परिवार की बहू बनने के बाद कभी फिल्मों में काम न करें, लेकिन करिश्मा की जिद्द थी कि वह अपने एक्टिंग करियर को नहीं छोड़ेंगी।

हालांकि दोनों के अलग होने की खबर से फैन्स को झटका लगा था। बाद में करिश्मा कपूर ने संजय कपूर से शादी कर ली थी। लेकिन दोनों ने साल 2013 में अलग होने का फैसला कर लिया। संजय से तलाक लेने के बाद करिश्मा कपूर ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। करिश्मा ने कहा था, ‘हनीमून वाले दिन संजय कपूर ने अपने दोस्तों से मेरी बोली तक लगवाई थी। इतना ही नहीं संजय की मां ने मेरे साथ मारपीट भी की थी और इस दौरान संजय वहीं मौजूद थे। मेरे साथ परिवार में काफी दुर्व्यवहार किया जाता था।’