करीना कपूर एक बार फिर मां बनने जा रही हैं और वो अपने इस अनुभव को एक किताब के ज़रिए सबके साथ, खासकर प्रेग्नेंट महिलाओं के साथ साझा करेंगी। आज उनके बेटे तैमूर अली खान का चौथा जन्मदिन है और इसी मौके पर करीना ने अपनी किताब का फर्स्ट लुक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है और बताया है कि उनकी यह किताब उनके प्रेग्नेंसी के हर अनुभव को समेटेगी। करीना ने बताया कि उनकी किताब, ‘करीना कपूर खान प्रेग्नेंसी बाइबल’ 2021 में आएगी।

करीना ने किताब का कवर शेयर करते हुए लिखा, ‘आज मेरी किताब, ‘करीना कपूर खान प्रेग्नेंसी बाइबल’ की घोषणा करने का सबसे अच्छा दिन है। यह किताब उन महिलाओं के लिए हैं, जो मां बनना चाहती हैं। इसमें मैं मां बनने से जुड़ी मॉर्निंग सिकनेस से लेकर डाइट और फिटनेस हर चीज़ पर बात करूंगी। इस किताब का प्रकाशन 2021 में होगा।’

करीना की इस किताब को एक ऑनलाइन पब्लिशिंग हाउस, ‘juggernaut books’ प्रकाशित करेगी। पब्लिशर की तरफ से बताया गया कि करीना इस किताब में प्रेग्नेंसी के हर पहलू पर बात करेंगी। वो प्रेग्नेंट महिलाओं को कुछ टिप्स भी देंगी।

 

करीना कपूर ने कहा, ‘मेरा मानना है कि प्रेग्नेंसी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है जिसमें हमें एक्टिव, हेल्दी और खुश रहने की जरूरत है। इस किताब में मैं यह बताऊंगी कि मैंने अपनी प्रेग्नेंसी को कैसे हैंडल किया और वो सभी जानकारी आपको दूंगी जिससे आप उस दौरान खुश रह पाएं। ये विषय मेरे लिए बहुत मायने रखता है और मैं एक ऐसा किताब लिखना चाहती हूं जो दूसरी महिलाओं की मदद करे और उनको गाइड करे।’

आपको बता दें कि करीना कपूर ने 2012 में सैफ अली खान से शादी की थी। चार सालों बाद उनका बेटा हुआ तैमूर अली खान। आज तैमूर का चौथा जन्मदिन था। करीना ने अपने बेटे की क्यूट सी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा कि कोई भी तैमूर को अम्मा से ज़्यादा प्यार नहीं कर सकता। तैमूर के जन्मदिन पर बॉलीवुड के कई हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। करीना कपूर की बहन करिश्मा कपूर ने तैमूर की तस्वीर शेयर कर उन्हें लंबी उम्र की दुआ दी। मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर ने भी तैमूर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।