बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन-एक्टर कादर खान साल 2018 के आखिरी दिन दुनिया को अलविदा कह गए। 31 दिसंबर की रात कादर खान का निधन हो गया। एक्टर ने साल 1973 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। फिल्म दाग में कादर खान ने राजेश खन्ना के साथ काम किया था। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक 300 फिल्मों में काम किया। 80-90 का दशक कादर खान की कॉमेडी का दीवाना था। इस बीच कादरखान ने फिल्मों में विलेन के किरदार भी बखूबी निभाए।
300 फिल्मों में से ऐसी 100 फिल्में थी जिनमें शक्ति कपूर ने कादर खान के साथ काम किया था। एक इंटरव्यू में शक्ति कपूर ने बताया कि एक लंबे समय तक कादर खान काफी अकेले हो गए थे। आखिरी दिनों में कादर खान के साथ कोई नहीं था। इंडस्ट्री ने कादर खान की बीमारी के वक्त उनका हालचाल नहीं पूछा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शक्ति कपूर ने कहा -‘मैंने कादर खान के साथ बहुत काम किया। लगभग आधा करियर मैंने उनके साथ फिल्में कीं। हमने साथ में करीब 100 फिल्में कीं। अब वह चले गए हैं। फिल्म इंडस्ट्री अब उनके बारे में सोच रही है और बात कर रही है। लोग तब एक एक्टर के बारे में क्यों बात करते हैं जब वह इस दुनिया में नहीं रहता। लोग तब कुछ अच्छा क्यों नहीं कहते उनके लिए जब वह जिंदा होते हैं और अच्छा काम करते हैं? या फिर जब वह बीमार होते हैं तो हाल चाल क्यों नहीं पूछने आते? लोग तभी बात करते हैं जब वह शख्स नहीं रहता।’

कपूर ने आगे कहा, ‘जब कादर खान काफी समय से काम नहीं कर रहे थे और अपनी बीमारी से पीड़ित थे, तब किसी ने उनके बारे में कोई पूछताछ नहीं की। क्यों वो उस वक्त अकेले थे? कादर खान फाइनेंशियली काफी सिक्योर थे लेकिन उनके पास उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं था। ज्यादा लोग उनसे मिलने और उनकी सेहत के बारे में पूछने नहीं आते थे।’
शक्ति कपूर ने कहा,’मैं हमेशा उन्हें फोन किया करता था। मैं उस अल्लाह के बंदे से हमेशा संपर्क में रहता था। मैं उन्हें बताया करता था कि वह मेरे गुरू हैं। मैं उनके पांव छुआ करता था। हम एक दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त थे। वह हमेशा ज्ञान की बात किया करते थे। जिंदगी का सच कहते थे। वह शांति और खुशी चाहते थे।’