बॉलीवुड में अपनी अदायगी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले एक्टर कबीर बेदी अपनी हिप्पी लाइफस्टायल और अपनी लव लाइफ के चलते भी काफी सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने भारत के अलावा यूरोप और अमेरिका में भी एक्टिंग, रेडियो और थियेटर में शोहरत कमाई है। कबीर बेदी ने चार शादियां की है। इन शादियों के अलावा उनका एक्ट्रेस परवीन बॉबी से भी अफेयर काफी सुर्खियों में रहा था। कबीर बेदी की पहली शादी डांसर प्रोतिमा बेदी से साल 1969 में हुई थी। प्रोतिमा-कबीर के दो बच्चे हैं बेटी पूजा बेदी और बेटा सिद्धार्थ। प्रोतिमा के साथ शादी के दौरान ही कबीर और एक्ट्रेस परवीन बॉबी के साथ नज़दीकियां बढ़ीं।

माना जाता है कि प्रोतिमा को परवीन और कबीर के कैजुअल रिलेशनशिप से कोई दिक्कत नहीं थी क्योंकि वे खुद भी शादी के बाहर अफेयर रख चुकी थी लेकिन धीरे-धीरे परवीन और कबीर करीब आते गए और प्रोतिमा से कबीर दूर होते चले गए। हालांकि कबीर से अलग होने के बाद भी प्रोतिमा ने हमेशा कहा कि वह कबीर की तरह किसी और को प्यार नहीं कर सकतीं। 1997 में बेटे सिद्धार्थ की खुदकुशी से कबीर और प्रोतिमा दोनों को बहुत बड़ा झटका लगा। बेटे की मौत के बाद प्रोतिमा हिमालय चली गई लेकिन अगले साल ही उनकी भी एक हादसे में मौत हो गई। 1977 के दौरान प्रोतिमा का कबीर से तलाक हुआ था और इसी समय के दौरान प्रोफेशनल जिम्मेदारियों के चलते कबीर का परवीन बॉबी से भी ब्रेकअप हो गया।

कबीर बेदी की दूसरी शादी 1980 में अमेरिकी मॉडल सुसैन हंफ्रेस से हुई। उनका एक बेटा एडम बेदी मॉडल है। हालांकि 10 साल के अंदर उनका तलाक हो गया। बताया जाता है कि कबीर अमेरिका से लौटकर भारत बसना चाहते थे और अपने करियर पर ध्यान देना चाहते थे इसलिए उनकी और सुसैन के बीच दूरियां बढ़ती गईं। इसके बाद कबीर की तीसरी शादी 1992 में बीबीसी की रेडियो प्रेजेंटर निकी मूलगावकर के साथ हुई। भारत में निकी एक टॉक शो होस्ट करती थीं। 1995 में जब ये शो खत्म हुआ तो उन्हें वापस लंदन जाना पड़ा। हालांकि लॉन्ग डिस्टैंस रिलेशनशिप होने के बावजूद ये शादी 13 साल चली और 2005 में दोनों का तलाक हो गया। लेकिन निकी का कबीर से बेहद लगाव था यही कारण है कि उन्होंने ताउम्र कबीर का सरनेम अपने साथ रखा और उन्हें आज भी निक्की बेदी उनका आधिकारिक नाम है।

कबीर की चौथी पत्नी परवीन (45 साल) उनकी बेटी पूजा बेदी (49) से चार साल छोटी हैं। परवीन ब्रिटिश मूल की एक्ट्रेस और मॉडल हैं। वे शादी से पहले कबीर के साथ 10 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रही थीं।साल 2016 में अपने 70वें जन्मदिन के मौके पर कबीर और परवीन ने सात फेरे लिए। कबीर अपनी इस चौथी बीवी से 29 साल बड़े हैं। कबीर की बेटी पूजा को उनका ये रिश्ता पहले पसंद नहीं था और उन्होंने कबीर की शादी पर एक विवादित ट्वीट भी किया था हालांकि बाद में पूजा ने इस रिश्ते को स्वीकार लिया।