पूरे उत्तर भारत में हरियाणवी गानों की जबरदस्त लोकप्रियता है। हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी का डांस भी दर्शकों को बेहद पसंद है। सपना के डांस प्रोग्राम में जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है। उनके गाने भी रिलीज होने के बाद यूट्यूब पर ट्रेंड करने लगते हैं। हालांकि कामयाबी के इस सफर में सपना चौधरी ने बेहद संघर्ष किया है।
कम उम्र में हो गया था सपना के पिता का निधन : सपना चौधरी जब 18 साल की थीं तो उनके पिता भूपेंद्र सिंह अत्री का निधन हो गया था। इसके बाद घर-परिवार की सारी जिम्मेदारी सपना चौधरी के कंधों पर आ गई थी। पिता के निधन के बाद सपना चौधरी ने परिवार के लिए डांस और गाने को अपना प्रोफेशन बना लिया। बेहद कम समय में सपना चौधरी एक शानदार डांसर के रूप में लोकप्रिय हो गईं और हरियाणवी इंडस्ट्री का बड़ा चेहरा बन गईं।
पिता की मृत्यु के बाद छूट गई थी पढ़ाई : मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सपना चौधरी 12वीं तक पढ़ी हुई हैं, उनके पिता की मृत्यु के बाद सपना चौधरी की पढ़ाई बीच में ही छूट गई थी। सपना चौधरी अपने पिता को बहुत याद करती हैं, कई बार पिता की कमी का दर्द सोशल मीडिया पर भी छलक जाता है।
वीर साहू से रचाई है शादी : हरियाणवी स्टार सपना चौधरी ने अक्टूबर में ही बेटे को जन्म दिया है। उनकी शादी की खबर भी मीडिया में उस वक्त आई थी जब उन्होंने बेटे को जन्म दिया। सपना चौधरी ने हरियाणवी स्टार वीर साहू से शादी की है। वीर साहू को हरियाणवी इंडस्ट्री का बब्बू मान भी कहा जाता है। सपना चौधरी की शादी और मां बनने की खबर से उनके फैंस भी हैरान रह गए थे। सपना और वीर साहू की शादी जनवरी 2020 में हुई थी। बेटे के जन्म के बाद दोनों ने शादी के फोटो भी शेयर किए थे।
‘चटक-मटक’ गाना मचा रहा है धमाल : सपना चौधरी का हाल ही में रिलीज हुआ गाना ‘चटक-मटक’ यूट्यूब पर जबरदस्त धमाल मचा रहा है। दो सप्ताह पहले रिलीज हुआ यह गाना यूट्यूब पर 24 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने में सपना चौधरी जबरदस्त डांस करती हुई नजर आ रही हैं।