फेमस फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी अक्सर अपने खूबसूरत कलेक्शन के लिए चर्चा में रहते हैं। हाल ही में एक इवेंट के दौरान उन्होंने देश की युवा पीढ़ी की आलोचना की है। उनका कहना है कि अगर युवा लड़कियों को साड़ी पहननी नहीं आती है तो ये उनके लिए शर्म की बात है। सब्यसाची ने कहा कि साड़ी भारतीय परिधान है और इसे आपको बांधना आना ही चाहिए। अगर नहीं आता है तो आप अपनी संस्कृति के लिए क्या कर रहे हैं। उन्होंने यहां भारतीय परिधान के बदले वेस्टर्न कपड़ों की बढ़ती मांग पर भी बात की।
सब्यसाची ने हाल ही में खूबसूरत साड़ियों का एक कलेक्शन जारी किया था। इस कलेक्शन को बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण पहने नजर आई थीं। वह सब्यसाची के इस नए कलेक्शन के लिए करवाए फोटो शूट में काफी क्लासिक नजर आ रही थीं। शनिवार को एक इवेंट के दौरान जब सब्यसाची से भारतीय परिधान साड़ी को पहनने में होने वाली परेशानी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘यह सबसे खूबसूरत परिधान है। पूरे विश्व में लोग इसके दावाने हैं। वह भारतीय महिलाओं को साड़ी से पहचानते हैं’। सब्यसाची ने हार्वर्ड इंडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर आप मुझसे कहेंगे कि आपको साड़ी बांधनी नहीं आती है तो मैं कहूंगा खुद पर शर्म करो। यह हमारे कल्चर का हिस्सा है। आपको इसके लिए खड़े होना चाहिए’।

यहां उन्होंने पद्मावत एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के फैशन को लेकर भी बात की। उन्होंने दीपिका का जिक्र करते हुए बताया कि वह अपने खुद के अलग अंदाज में साड़ी पहनती हैं।। उन्होंने कहा कि, ‘दीपिका ज्यादातर जगह पर साड़ी पहनकर ही जाती हैं’। इस मौके पर उन्होंने नई पीढ़ी को लेकर चिंता भी जताई। उनका कहना था कि नई पीढ़ी अपनी जड़ को भूलती जा रही है। वह अपनी संस्कृति और सभ्यता को नहीं पहचानते हैं। उन्होंने बताया कि पुराने जमाने में सभी हर समय साड़ी पहनते थे और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होती थी।