बॉलीवुड फिल्मों के गानों और अपनी एल्बम्स के माध्यम से धूम मचाने वाले हनी सिंह काफी वक्त से मीडिया और कैमरों से दूर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाइपोलर डिसऑर्डर के कारण हनी सिंह ने 2 साल से काम से ब्रेक ले लिया था। इंडस्ट्री में उनकी गैरमौजूदगी ने बादशाह और रफ्तार जैसे तमाम रैपर्स को आगे बढ़ने का मौका दिया। पिछले कई महीनों से हनी सिंह का कोई गाना मार्केट में नहीं आया है लेकिन अब ऐसा लगता है कि फैन्स को बहुत जल्द उनका कोई रैप सॉन्ग सुनने को मिलेगा। हनी सिंह ने हाल ही में अपने ट्विटर हैंडल से एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वह गंगा किनारे चट्टानों पर बैठे नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक हनी सिंह ऐसे शांत माहौल में खुद को सुकून देते हुए अपनी अगली एल्बम्स के लिए गाने लिख रहे हैं। हनी सिंह ने गंगा किनारे की अपनी ये तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा- गंगा किनारे चिल कर रहा हूं साथ ही गानों के बोल लिख रहा हूं। मालूम हो कि डोप-शोप, ब्लू आइज, 4 बोतल वोडका और हाई हील्स जैसे शानदार गानों के जरिए इंडस्ट्री में धूम मचाने वाले हनी सिंह शराब के काफी एडिक्ट हो गए थे। उन्हें ‘रीहैबिलेशन’ सेंटर जाना पड़ा था और नशे के चलते ही उनकी बीमारी भी काफी बढ़ गई थी। अब देखना यह होगा कि हनी सिंह अपने अगले गाने के साथ इंडस्ट्री में कब वापसी करते हैं।
Chillin at Ganges.
Makin #BEATS writing #VERSES
"Jai Ganga Maiya Ki"#YoYo #YoYoHoneySingh #Music pic.twitter.com/9q7dkBWlBu— Yo Yo Honey Singh (@asliyoyo) December 16, 2017