‘कुछ कुछ होता है’ की अंजली यानि काजोल 5 अगस्त को 42 साल की हुईं। भले ही उन्होंने शादी के बाद इंडस्ट्री में काम थोड़ा कम कर दिया लेकिन वो इंडस्ट्री की सदाबहार एक्ट्रेसेज में से एक हैं। उनकी हर भूमिका को दर्शकों ने पसंद किया। खास कर शाहरुख के साथ उनकी जोड़ी को तो फैन्स का इतना प्यार मिला कि यह जोड़ी इंडस्ट्री की हिट जोड़ी बन गई। काजोल बॉलीवुड कलाकारों के एक बेहतरीन परिवार की मेंबर हैं। परदादी रतन बाई, नूतन और मां तनुजा से लेकर पिता शोमू मुखर्जी सभी बॉलीवुड की अहम हस्तियों में से एक हैं।

बचपन में तनुजा काजोल को प्यार से कैड्स कह कर बुलाती थीं। वह बताती हैं कि काजोल बचपन में काफी शरारती थीं। काजोल और उनकी बहन तनीषा पर कभी भी पैरेंट्स के तलाक का असर नहीं पड़ा, क्योंकि दोनों ने कभी बच्चों के सामने कोई बहस या झगड़ा नहीं किया था। जिस वक्त काजोल ने बॉलीवुड में एंट्री ली वह महज 16 साल की थीं। जी हां अपनी पहली फिल्म बेखुदी काजोल ने 16 साल की उम्र में की थी।

काजोल के नाम बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में सबसे ज्यादा फिल्मफेयर अवार्ड पाने का रिकॉर्ड है। काजोल को गुप्त फिल्म में निभाया गया उनका रोल सबसे मुश्किल लगता है। बता दें कि वो पहली एक्ट्रेस हैं जिसे नेगेटिव रोल के लिए फिल्म फेयर मिला था।

अजय के साथ काजोल की डेटिंग फिल्म गुंडाराज के दौरान शुरू हुई थी। जहां कई लोगों ने उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को नापसंद किया था। वहीं असल जिंदगी में दोनों काफी करीब आ रहे थे। चलते-चलते बता दें कि काजोल का फेवरेट कलर व्हाइट है।