Happy Birthday Javed Akhtar: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर आज अपना 74 वां जन्मदिन मना रहे हैं। जावेद अख्तर का रियल नाम जादू है। उनके पिता जां निसार अख्तर बड़े उर्दू शायर और गीतकार थे। जावेद अख्तर का नाम उनके पिता के गीत की पंक्ति लम्हा-लम्हा किसी जादू का फसाना होगा से आया था। जावेद नाम जादू से काफी मिलता-जुलता था इसलिए स्कूल में उनका नाम जावेद रखा गया। 17 जनवरी 1945 को जन्मे जावेद अख्तर बेहद कम उम्र में ही लिखने लगे थे। यूं तो जावेद अख्तर से कई दिलचस्प बातें जुड़ी हुई हैं, लेकिन एक इंटरव्यू में जावेद ने खुद खुलासा किया था कि आखिर ‘तेजाब’ फिल्म का गाना ‘एक दो तीन’ क्या सोच कर लिखा था। इस राज से पर्दा उस वक्त उठा जब उनकी तुलना साहिर लुधायनवी से की गई।
जावेद अख्तर से एक इंटरव्यू में सवाल किया गया था कि एक जमाना था कि जब साहिर लुधियानवी या शैलेंद्र लिखते थे तो वह मीनिंगफुल होता था। जिसे समझना आसान होता था, लेकिन आपने लिखा एक दो तीन चार जिसका न तो कोई मतलब है और न ही अर्थ समझ में आता है। जवाब में जावेद अख्तर ने भी गाने का मतलब समझाते हुए कहा था, ”मैंने इसे एक Folk गाने के रंग में लिखा है कि एक लड़की है, जो एक विरहन है और अपने प्रेमी का इंतजार कर रही है। गाने का मतलब समझाते हुए जावेद अख्तर ने अंत में सवाल भी पूछा कि क्या यह गाना मीनिंगफुल नहीं है?”
देखें वीडियो-
बता दें कि जावेद अख्तर की पहली पत्नी हनी ईरानी एक पटकथा लेखक थीं। हरी ईरानी का जन्मदिन भी 17 जनवरी को होता है। जावेद अख्तर ने हनी से साल 1972 में शादी रचाई थी। उस वक्त हनी केवल 17 साल की ही थी। हनी और जावेद के दो बच्चे हैं जोया अख्तर और फरहान अख्तर। हालांकि दोनों का रिश्ता का ज्यादा लंबा नहीं चल सका और दोनों 1978 में ही एक-दूसरे से अलग हो गए थे और फिर जावेद-हनी ने 1985 में एक-दूसरे से तलाक ले लिया। इसके बाद जावेद अख्तर ने 1984 मे एक्ट्रेस शबाना आजमी से दूसरी शादी की।