गुरुग्राम के सेक्टर-47 में खाली जगह पर नमाज पढ़ने का विरोध होने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि अब एक नया वीडियो सामने आ गया है। इस वीडियो में कुछ लोग खाली जगह पर नमाज पढ़ते हुए नज़र आ रहे हैं और भारी संख्या पुलिस एवं सुरक्षाबल की मौजूदगी भी दिख रही है। क्योंकि दूसरी तरफ से कुछ अज्ञात लोग नमाज पढ़ने वाले लोगों का विरोध कर रहे थे। वीडियो में ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों को भी सुना जा सकता है। पुलिस हालात को काबू करने के लिए लोगों से बात भी करती हुई नज़र आ रही है।

एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने इस वीडियो क्लिप को ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हिंदू होने के नाते शर्मसार हूं।’ स्वरा के इस ट्वीट पर लोगों की भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। एक यूजर ने लिखा, ‘ऐसा बयान आपका पहली बार नहीं आया है। अगर इतना ही अपने धर्म से नफरत तो इसे बदल लो।’ कुकिल शर्मा नाम के यूजर लिखते हैं, ‘हिंदू धर्म को इन जैसे लोगों के कारण ही बदनामी झेलनी पड़ती है। किसी की प्रार्थना को बाधित करने का कोई अधिकार नहीं है।’ एक अन्य यूजर लिखते हैं, ‘आज भारत में हिंदू-मुस्लिम जरूर अलग-अलग नजर आते हैं, लेकिन इस देश पर हक तो दोनों का ही है।’

यूजर्स की प्रतिक्रिया: यूजर शकील अहमद लिखते हैं, ‘भक्तों की नजर में सरकारी मैदान सड़क है। क्योंकि इन्हें इसी सुनसान जगह से होकर गुजरना होता है।’ जॉन माइकल नाम के यूजर लिखते हैं, ‘भारत में असहिष्णुता पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा बढ़ गई है। यही समय है कि हमें अन्य धर्मों को भी समझना चाहिए और भारत की धर्मनिरपेक्षता बनाए रखनी चाहिए।’

के.पी सिंह नाम के यूजर लिखते हैं, ‘एक तरीके से देखा जाए तो ये ठीक भी है क्योंकि ऐसा करने से सरकार की आंख खुलेगी और नमाज के लिए उचित स्थान मिल पाएगा। वक्फ बोर्ड को भी मुस्लिमों के लिए ऐसी जगहें बनानी चाहिए।’ एक यूजर ने लिखा, ‘ये बात कहीं से भी ठीक नहीं है कि नमाज पढ़ने के नाम पर स्थानीय लोगों को परेशान किया जाए। ऐसा करने वाले सभी लोगों को खुद ही शर्म आनी चाहिए।’

रिपोर्ट्स की मानें तो वायरल हो रहा वीडियो गुरुग्राम के सेक्टर-12 का है। यहां खाली स्थान पर जुमे की नमाज पढ़ी जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले स्थान पर नमाज पढ़ने से आने-जाने में बहुत ज्यादा समस्या होती है। क्योंकि इससे पूरा रास्ता ब्लॉक हो जाता है। यही वजह है कि उन्होंने इसका विरोध किया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, कुछ समय पहले सेक्टर-47 में भी स्थानीय लोगों ने खुले मैदान में नमाज पढ़ने वाले लोगों का विरोध किया था। यहां लोगों ने ‘नमाज की जगह खाली करो’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए थे।