मशहूर फिल्ममेकर कल्पना लाजमी का मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में रविवार की सुबह निधन हो गया। कल्पना 64 साल की थीं। वे किडनी और लीवर  के काम करना बंद करने की बीमारी से पीड़ित थीं। कल्पना को अपनी रियलिस्टिक फिल्मों के लिए जाना जाता था। वे एक डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और स्क्रिप्ट राइटर थीं। कल्पना को महिला प्रधान फिल्में बनाने के लिए भी जाना जाता था।

उनके भाई देव लाजमी ने बताया, ‘उनका सुबह साढ़े चार बजे (कोकिलाबेन धीरूभाई) अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। वह किडनी और लीवर के काम करना बंद करने की बीमारी से पीड़ित थीं।’ कल्पना ने ‘रूदाली’, ‘दमन’, ‘दरमियान’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया है। कल्पना लाजमी के निधन पर रवीना टंडन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। रवीना की फिल्म ‘दमन’ का निर्देशन कल्पना लाजमी ने किया था। इसके अलावा सोनी राजदान और हुमा कुरैशी ने भी कल्पना के निधन पर ट्विटर पर शोक व्यक्त किया।

लाजमी की आखिरी फिल्म ‘चिंगारी’ थी। कल्पना ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया था और फिल्म 2006 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म भूपेन हजारिका के उपन्यास ‘द प्रॉस्टिट्यूट एंड द पोस्टमैन’ पर आधारित थी। इसके अलावा उन्होंने टीवी सीरियल ‘लोहित किनारे’ का भी निर्देशन किया था।

https://www.jansatta.com/entertainment/