दक्षिण भारत के मशहूर अभिनेता विजय प्रसाद का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। दिल का दौरा पड़ने के बाद बीते रविवार को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में विजय प्रसाद को भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय प्रसाद पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। यशोदा अस्पताल में ही उनका इलाज भी चल रहा था। अस्पताल से कुछ दिनों पहले छुट्टी मिलने के बाद रविवार की रात करीब 3 बजे दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विजय प्रसाद के घर में उनकी पत्नी विद्यावति और दो बच्चे भी हैं। मशहूर अभिनेता के निधन के बाद दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अभिनेता सुमनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ‘उनके साथ फिल्म गौरी में काम करना सम्मान की बात थी।’ सोशल मीडिया पर भी उनके चाहने वालों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
विजय प्रसाद ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1980 में की थी। विजय प्रसाद को साल 2001 में आई फिल्म ‘नूवू नेनू’ में बेहतरीन एक्टिंग के लिए जाना जाता है। विजय प्रसाद ने कई टीवी धारावाहिकों में भी काम किया है। जिनमें इधी मां प्रेमम था, अलारी बुलोदू और रानीवारी बांग्ला शामिल हैं। तमिल फिल्म ‘उन्नाल मुदियम थांबी’ में भी उन्होंने काम किया है। इस फिल्म में कमल हासन भी नजर आए थे। इसके अलावा नंदामुरी बालाकृष्णनन के साथ उन्होंने ‘बाबाई अबाई’ में भी काम किया है।
आपको बता दें कि एक हफ्ते पहले ही दक्षिण भारत के और मशहूर अभिनेता और राजनेता नंदामुरी हरिकृष्ण की मौत एक कार दुर्घटना में हो गई थी। वो 61 साल के थे। तेलंगाना के नालगोंडा जिले में नंदामुरी हरिकृष्ण की कार हादसे का शिकार हुई थी।