एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट और अब बिग बॉस 14 में बतौर चैलेंजर आए राहुल महाजन ने अपनी तीसरी शादी को लेकर बात की है और बताया है कि उनकी रशियन पत्नी नताल्या ने धर्म बदलकर हिंदू धर्म अपना लिया है। उन्होंने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बताया कि दोनों के रिलेशनशिप में शिव और पार्वती उनके आदर्श हैं।

ई टाइम्स को दिए इंटरव्यू में राहुल ने बताया, ‘हम दोनों रेल के दो ट्रेक्स की तरह हैं। एक दूसरे के मैटर में ज़्यादा दख़लंदाज़ी नहीं करते और दोनों एक दूसरे को बराबर स्पेस देते हैं। वो रशियन हैं और उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया है। मैं हमेशा उन्हें भगवान शिव और पार्वती के बारे में बताता रहता हूं। मैं उनसे कहता हूं कि पति- पत्नी का रिश्ता शिव पार्वती के जैसा होना चाहिए। वो हमारे रिश्ते के आदर्श हैं। मैं उन्हें गीता की सीख देता हूं और हम साथ मिलकर कई पौराणिक कथाएं पढ़ते हैं।’

आपको बता दें कि राहुल महाजन ने अपनी तीसरी शादी नताल्या से 2018 में की थी। नताल्या राहुल से 18 साल छोटी हैं। जहां राहुल 43 साल के हैं वहीं नताल्या 25 साल की हैं। राहुल ने अपनी इस शादी को बहुत दिनों तक सार्वजनिक नहीं किया था।

कुछ दिनों पहले दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘मेरी पहली दो शादियां जल्दी में हो गई थीं। मुझे सोचने का समय नहीं मिला। श्वेता और डिंपी ( उनकी पूर्व पत्नियां) दोनों काफी शानदार हैं, लेकिन हम साथ में निभा नहीं पाए। पिछले कुछ सालों में मैंने यह महसूस किया है कि मैं किसी रिश्ते को बचाने के लिए उस रिश्ते में नहीं रह सकता। मैं वैसे किसी इंसान के साथ नहीं रह सकता जिसके साथ मेरा कोई भविष्य नहीं। नताल्या में मैंने एक सच्चे साथी को पाया है और हमारे रिश्ते में दूरियों और बहस के लिए कोई जगह नहीं है।’

राहुल महाजन की पहली शादी श्वेता सिंह से हुई थी। 2006 में हुई उनकी यह शादी 2008 में टूट गई। उन्होंने दूसरी शादी डिंपी गांगुली से की और उनका यह रिश्ता भी ज़्यादा समय तक नहीं चल पाया। 2010 में दोनों की शादी हुई और 5 सालों बाद 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों पत्नियों ने राहुल महाजन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।