बॉलीवुड स्टार्स से भारत के लोगों को त्योहार पर शुभकामनाएं मिलना आम बात है। लेकिन किसी हॉलीवुड स्टार से होली की विश मिलना एक अलग बात है। 9 मार्च को यूट्यूब पर एम्मा वाटसन ने अपने भारतीय फैंस को होली की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही फैंस से अपनी फिल्म ब्यूटी एंड द बीस्ट देखने की अपील की है। एक्ट्रेस डिज्नी की फिल्म ब्यूटी एंड बीस्ट में डैन स्टीवेंस के साथ मुख्य किरदार निभा रही हैं। अपने मैसेज में एक्ट्रेस कहती हैं- नमस्ते इंडिया। आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। इस मार्च अपने पास के सिनेमाघरों में ब्यूटी एंड बीस्ट को देखना ना भूलें। एक सूत्र ने बताया कि एम्मा को पता है कि उनका भारत में एक बहुत बड़ा फैन बेस है। जिनके पास तक पहुंचने की वो कोशिश कर रही हैं। इसी वजह से उन्होंने होली के मौके को उन सभी फैंस के साथ कनेक्ट करने के बारे में सोचा और उनके लिए एक स्पेशल वीडियो बनाया है। यह फिल्म 17 मार्च को रिलीज होगी।

वहीं 17 मार्च को ही राजकुमार राव स्टारर फिल्म ट्रैप्ड भी रिलीज होगी। इसके ट्रेलर की शुरुआत होती है, राजकुमार राव घर को ताला लगाकर बाहर निकल रहे होते हैं। इतने में उन्हें याद आता है कि उनका फोन कमरे में छूट गया है। राजकुमार दरवाजा खोल कर फोन उठाते हैं बात करते हैं और घर से निकलने के लिए आगे बढ़ते हैं। लेकिन इससे पहले कि वह दरवाजे तक पहुंचे दरवाजा बंद हो जाता है। यहीं से शुरू होता है कहानी में ट्विस्ट।

राजकुमार तमाम कोशिशें करते हैं लेकिन कोई भी तरीका सफल नहीं होता। लेकिन वो हिम्मत नहीं हारते और फैसला करते हैं कि वह इस बंद कमरे में नहीं मरेंगे। फिल्म के ट्रेलर के हिसाब से लगता है कि कहानी राजकुमार के इस कमरे से बाहर निकलने के संघर्ष के बारे में होगी।

यह फिल्म सोनाक्षी सिन्हा और रनवीर सिंह की फिल्म लुटेरा डायरेक्ट करने वाले विक्रमादित्य मोटवानी ने डायरेक्ट की है। वहीं पिछले साल आई अलीगढ़ के बाद यह राजकुमार राव की पहली फिल्म है। यह फिल्म फैंटम प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है।

एंटरटेनमेंट की दूसरी बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें