कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन चल रहा है। इन दिनों लोग अपने-अपने घरों में रामायण और महाभारत देख गीता का ज्ञान लेने के साथ-साथ मनोरंजन भी कर रहे हैं। दूरदर्शन पर महाभारत के पुनः प्रसारण से इस सीरियल के कलाकार भी खूब सूर्खियों में हैं। महाभारत में कृष्ण और अर्जुन के संवाद की काफी चर्चा हो रही है। बीआर चोपड़ा की महाभारत में मुस्लिम अभिनेता फिरोज खान ने अर्जुन का किरदार निभाया था। हाल ही उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े तमाम किस्से शेयर किए हैं।

महाभारत में अर्जुन के किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। बाद में फिरोज खान ने यह भूमिका करने के बाद अपना नाम असल जिंदगी में भी अर्जुन रख लिया था। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में फिरोज ने बताया कि महाभारत में काम कर वह खुद को बेहद खुशनसीब समझते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पोते-पोतियां भी उन्हें युद्ध में वाण चलाते देख आनंदित हो उठते हैं। बकौल फिरोज खान महाभारत टीवी का गेम चेंजर है। महाभारत लोगों को इतना पसंद आ रहा है यह मेरे लिए गर्व की बात है।

जानकारी के लिए बता दें कि जब बीआर चोपड़ा ने अर्जुन के किरदार के लिए 23 हजार लोगों के ऑडिशन लिए थे। तब जाकर उन्हें फिरोज खान में अर्जुन की अमिट छवि दिखाई दी थी। एक रिपोर्ट के अनुसार महाभारत के स्क्रिप्ट  राइटर डॉक्टर राही मासूम रजा ने फिरोज से कहा था कि इस शो के लिए 23 हजार लोगों में तुम्हारा चुनाव हुआ है। ऐसे में तुमको अर्जुन ही होना चाहिए। तुम लगते भी अर्जुन की तरह हो और इंडस्ट्री में भी इस नाम का कोई दूसरा नहीं है। बाद में फिरोज खान के दिमाग में ये बातें गहराई से बैठीं और उन्होंने अपना नाम हमेशा के लिए अर्जुन रख लिया।

अर्जुन ने महाभारत के अलावा कई फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने 1984 में फिल्म मंजिल-मंजिल से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उन्होंने अमिताभ बच्चन संग फिल्म ‘जंजीर’, अमजद खान के साथ ‘शोले’, धर्मेंद्र की फिल्म ‘फूल और पत्थर’, विनोद खन्ना के साथ ‘कच्चे धागे’ में नजर आ चुके हैं।1988 में उन्हें महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने का मौका मिला। इस रोल से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली।