5 सितंबर से 10 दिवसीय गणपति उत्सव की शुरूआत हो रही है और बॉलीवुड स्टार इमरान हाशमी, अर्जुन रामपाल समेत कई फिल्मी सितारे भगवान गणेश के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कैटरीना कैफ और डेजी शाह आदि कलाकार गणपति से प्रार्थना करने दोस्तों के घर जाएंगे। जब इमरान हाशमी से पूछा गया कि वह कल गणेश चतुर्थी कैसे मनाएंगे तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पत्नी हिंदू हैं और उनके घर में हमेशा से गणपति उत्सव की परंपरा रही है। हम जाते हैं और गणेशजी के दर्शन करते हैं। यह हमारे लिए बहुत खास है।’’

अभिनेता विवेक ओबेराय ने कहा कि वह उत्सव से जुड़ी परंपराओं को निभाना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हर साल, हम उत्साह से गणेश चतुर्थी उत्सव मनाते हैं और घर पर अपने गणपति को लाते हैं। मुझे पसंद है कि लोग आते हैं, पूजा करते हैं और इस उत्सव का हिस्सा बनते हैं।’’ पर्यावरण का ध्यान रखते हुए उत्सव मनाने की वकालत करते हुए अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने कहा, ‘‘पिछले साल से मैंने खुद से वादा किया है कि मैं पर्यावरण के अनुकूल गणपति लाऊंगी और इस परंपरा को मैं जारी रखूंगी।’

अर्जुन रामपाल ने कहा, ‘‘कल गणपति घर आ रहे हैं। हम हमेशा घर पर गणपति लाते हैं। हम सकारात्मकता और प्रसन्नता की कामना करते हैं।’’ टीवी कलाकार और अभिनेता मनीष पॉल ने कहा कि वह गणेश उत्सव मनाने के बाद विसर्जन भी घर पर ही करते हैं। सलमान खान, गोविंदा, नाना पाटेकर, रितेश देशमुख, तुषार कपूर, रणवीर कपूर आदि बॉलीवुड अभिनेताओं का गणपति उत्सव हर साल आकर्षण का केंद्र होता है जो पूरी परंपरा और उत्साह के साथ इसे मनाते हैं।