बॉलीवुड फिल्ममेकर मनीष मुंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वो आए दिन ट्वीट करते रहते हैं। हाल ही में मनीष ने स्टैंडअप कॉमेडियंस पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘मैं यह समझने में असफल हूं कि कुछ स्टैंडअप कॉमेडियन बड़े क्यों नहीं हो सकते? वो धार्मिक चीजों का मजाक बनाने के अलावा और कोई कंटेंट क्यों नहीं लिख सकते हैं। खासतौर पर हिंदुओं के धर्म से जुड़ी चीज़ों का मज़ाक बनाना। इसके बाद जब लोग उन्हें पकड़ते हैं तो फिर वो पीड़ित कार्ड खेलते हैं। ऐसे लोगों को मेहनत करके कुछ क्रिएटिव लिखना चाहिए।’
I just fail to understand why some of the standup comedians can’t grow up? They just can’t write / create content beyond making fun of religious norms / believes and faith? Specially related to Hindus. And when people go after them they play victim card! Be creative work harder.
— Manish Mundra (@ManMundra) May 31, 2020
मनीष के इस ट्वीट के बाद यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए नजर आए, एक यूजर ने लिखा, ‘बहुत सही बताया। यदि सभी धर्मों का मज़ाक उड़ाया जाता है, तो लोगों को बुरा भी नहीं लगेगा। लेकिन देखिए, इस ट्वीट में बताए गए सिर्फ एक धर्म का मजाक उड़ाना आसान और सुविधाजनक है। ‘क्योंकि इस धर्म में नाराजगी व्यक्त करने वाले लोग अहिंसा वादी हैं।’ वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘हिंदू धर्म का दुरुपयोग करना कॉमेडियंस के लिए एक नई चीज है, उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। इस तरह के लोगों के खिलाफ जोरदार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, “स्टैंडअप कॉमेडियन्स” को धर्म के बारे में कुछ कहने से रोकना ये एकमात्र तरीका है।’
गौरतलब है कि पिछले दिनों स्टैंडअप कॉमेडियन सुरलीन कौर के एक वीडियो पर काफी बवाल मचा था। सुरलीन पर इस्कॉन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगा था।। इस वीडियो को देखने के बाद इस्कॉन फॉलोअर्स कॉमेडियन पर भड़कने लगे और उन पर भद्दी कॉमेडी करने का आरोप लगाया था। इस पूरे मामले में इस्कॉन ने सुरलीन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसकी जानकारी Iskcon के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शिकायत की कॉपी के साथ दिखाई गई थी।
वहीं बात अगर मनीष मुंद्रा की करें तो, उनका नाम बॉलीवुड के जानें मानें फिल्ममेकर्स में आता है। साल 2017 में राजकुमार राव स्टारर उनकी फिल्म न्यूटन ने कई अवार्ड्स अपने नाम किए थे। मनीष न्यूटन के अलावा आंखों देखी, मसान सहित कई फिल्मों को प्रोड्यूस कर चुके हैं।