डियर जिदंगी की निर्देशक गौरी शिंदे ने बैंगलुरू छेड़छाड़ मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गौरी शिंदे ने कहा कि हाल ही में हुआ बैंगलुरू छेड़छाड़ मामला निंदनीय है और अब समय है कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए। गौरी ने कहा कि वह अपने गुस्से को कैसे व्यक्त करें यह समय कुछ बोलने का नहीं, बल्कि तुरंत कार्रवाई करने का है।
उल्लेखनीय है कि बेंगलुरू में नए साल की पूर्व संध्या पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई। यह मामला सामने आने के बाद आम लोगों सहित बॉलीवुड भी इस घटना की निंदा कर रहा है। इस घटना के बारे में निल बटे सन्नाटा की निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने भी अपने विचार सामने रखे।
अश्विनी ने कहा, जब वह छोटी थी, तो उनकी मां उन्हें बाहर खेलने के लिए भेजते वक्त डरती नहीं थी। फिर अब वह भी अपनी बेटी को मैदान में खेलने के लिए भेजते वक्त थोड़ा घबराती है। उन्होंने कहा, महिलाओं को हमेशा से ही हर जगह कमजोर ही दिखाया गया है और इसी कारण युवक यह सोचते हैं कि यही सही है, क्योंकि वह इन्हीं चीजों को देखकर बड़े हुए हैं। उनका मानना है कि महिलाओं पर जोर जबरदस्ती दिखाकर वह अपने आप को ताकतवर साबित कर सकते हैं।
अश्विनी ने कहा कि यह चिंता का कारण है। उन्होंने कहा कि बिना दिमाग वाले लोगों का मानना है कि महिलाओं का जो अपमान हो रहा है, उसके लिए वह खुद ही जिम्मेदार हैं। फिल्मकार ने कहा, समाज के तौर पर हमारी यह जिम्मेदारी बनती है कि हम युवकों को महिलाओं द्वारा स्कूलों और घरों में झेली जा रही चुनौतियों के बारे में बताएं। इसी स्तर से उन्हें महिलाओं का सम्मान करना सिखाएं। वहीं अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने भी बेंगलुरू में हुए छेड़छाड़ मामले पर कड़ी कार्रवाई की बात की है। दिव्या ने कहा कि हम सब को इस प्रकार की मानसिकता को खत्म करना चाहिए।