बॉलीवुड अदाकारा बिपाशा बसु अक्सर अपने पति करण सिंह ग्रोवर के संग छुट्टियां बिताते हुए नजर आती हैं। करण सिंह ग्रोवर फैन्स के बीच अपने फिटनेस को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर करण की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें वे अनफिट दिखाई पड़ रहे हैं। दरअसल तस्वीरों में करण नंगे पांव और बैसाखी के जरिए चलते हुए नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो करण सिंह जिम में ज्यादा वर्कऑउट से जख्मी हो गए हैं, जिसके कारण उन्हें बैसाखी के सहारे चलना पड़ा रहा है।
करण सिंह ने एक बयान में कहा, ”आपको बहुत ख्याल रखने की जरुरत है क्योंकि जिम भी आपको चोट पहुंचा सकती है। मैं ऐसे कई लोगों को जानता हूं, जिन्होंने हैवी और हार्डकोर वर्कआउट के कारण खुद के लिए मुश्किलें खड़ी कर ली हैं।” करण ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे, परेशान की कोई बात नहीं है। बता दें कि करण सिंह ग्रोवर बैसाखी के सहारे फिल्म के देखने के लिए पहुंचे थे, इस दौरान उन्हें कैमरों में कैद किया गया। ब्लैक चेक शर्ट और कैपरी में करण के संग बिपाशा बसु नहीं बल्कि उनके ससुर नजर आए।
करण सिंह ग्रोवर और बिपाशा बसु साल 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे। बिपाशा करण की तीसरी पत्नी हैं। साल 2008 में करण ने टीवी एक्ट्रेस श्रद्धा निगम से शादी की थी, हालांकि 10 महीने के बाद ही दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद करण ने अपनी को-एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट के संग 2012 में शादी की, लेकिन साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद बिपाशा और करण के बीच दोस्ती फिल्म ‘अलोन’ (2015) के दौरान हुई थी। जिसके बाद दोनों ने शादी रचाने का फैसला लिया था।