भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में खेसारी लाल आज एक बड़ा नाम बन चुका है। हालांकि उनका विवादों से भी काफी पुराना नाता रहा है। भोजपुरी के स्टार सिंगर पवन सिंह के साथ उनके विवाद की चर्चा खूब रही। इसी क्रम में गीतकार विनय बिहारी का भी नाम आता है। भोजपुरी के मशहूर गीतकार विनय बिहारी ने खेसारी लाल पर शो करने के ज्यादा पैसे मांगने और प्रोग्राम में भगदड़ मच जाने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया था और उन्हें मनहूस तक बता दिया था।

दरअसल विनय बिहारी ने एक कार्यक्रम में खेसारी लाल को गाने के लिए आमंत्रित किया था। खेसारी ने इसके लिए विनय बिहारी से 5 लाख की डिमांड रखी। एक इंटरव्यू में मामले को लेकर विनय बिहारी ने कहा था कि खेसारी लाल को 5 लाख रुपए देने से मना कर दिया। उन्होंने खेसारी से कहा था कि यह चंदे से जुटाया पैसा है। इतना नहीं दे पाएंगें। हालांकि खेसारी लाल किसी तरह से प्रोग्राम करने को तैयार हुए लेकिन बीच में ही भगदड़ मच गई। भगदड़ इतनी कि खेसारी पर लोग ईंट पत्थर चलाने लगें। किसी तरह उनको सेफ जगह ले जाया गया।

विनय बिहारी के मुताबिक खेसारी ने उनसे पूरा पैसा मांगा जिसको लेकर काफी विवाद बढ़ गया। विनय बिहारी ने तब खेसारी पर आरोप लगाते हुए कहा था, ‘इस अनलकी आदमी के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। कई जिंदगी भर के लिए आपाहिज हो गए। इसका जिम्मेदार कौन है। पूरे गांव में मातम फैल गया था।’

बता दें उस वक्त खेसारी पर विनय बिहारी ने भोजपुरी में अश्लीलता फैलाने सहित भोजपुरी फिल्मों के गिरते स्तर के लिए सीधे-सीधे जिम्मेदार भी ठहराया था। विनय ने उनको नचनिया तक कह दिया था। उन्होंने खेसारी की कामयाबी को लेकर आगे कहा था कि, ‘आज बाजार बना है तो लोग हवाई जहाज में घूम रहे हैं नहीं तो कइयों (इनसे बड़े स्टार) को साइकिल पर हारमोनियम बजाते हुए, गाते हुए जाते देखा है। क्योंकि उनको बाजार नहीं मिला था। अपने आप को भोजपुरी का टॉवर या ब्रह्मा, विष्णु समझते हैं तो उनको मेरा प्रणाम।’

गौरतलब है कि गीतकार विनय बिहारी भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद विनय बिहारी ने अपनी पत्नी संग कोरोना से लड़ने और जीतकर आने के लिए लोगों का धन्यवाद भी किया था। इसको लेकर दोनों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया था। विनय बिहारी भोजपुरी में 2000 से अधिक गाने लिख चुके हैं।