भोजपुरी फिल्मों की शीर्ष अभिनेत्री अक्षरा सिंह बेबाक तरीके से अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं। एक समय पवन सिंह और उनकी जोड़ी भोजपुरी की सबसे बेहतरीन ऑन स्क्रीन जोड़ी मानी जाती थी। दोनों के बीच अफेयर की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि पवन सिंह ने शादी कर ली जिसके बाद अक्षरा सिंह ने कई खुलासे किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पवन सिंह के परिवार की तरफ से उन्हें जान से मारने की धमकी तक मिल रही थी। बकौल अक्षरा सिंह वो उन दिनों बेहद ही मुश्किल दौर से गुजर रही थीं और उनका साथ देने इंडस्ट्री से कोई नहीं आया था।
जब काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव के बीच विवाद हुआ था और मीडियाकर्मियों ने उनसे इस पर टिप्प्णी करने को कहा था तब उन्होंने कहा था, ‘मैं जब वैसे दौर में थी, तो मेरे लिए कोई नहीं था, किसी ने साथ नहीं दिया। मुझे बिलकुल नहीं पता कि किसके साथ क्या चल रहा है। बहुत संघर्ष कर रही हूं मैं, अपने नाम, अपने मुकाम, एक लड़की होने का वजूद बनाने के लिए। इसके अलावा मुझे किसी चीज से कोई मतलब नहीं है और न मैं जानती हूं।’
अक्षरा सिंह से जब पूछा गया कि खेसारी या पवन सिंह वो किन्हें टक्कर दे रही हैं तो जवाब में उन्होंने कहा कि उनके टक्कर का कोई नहीं है, उनका मुकाबला खुद से ही है।
आपको बता दें अक्षरा सिंह और पवन सिंह सिंह के रिश्ते तब खराब होने शुरू हुए थे जब पवन सिंह की शादी साल 2018 में ज्योति सिंह से हो गई। अक्षरा सिंह ने अपने रिलेशनशिप पर कहा था कि पवन सिंह शादी के बाद भी उनसे रिलेशन रखना चाहते थे लेकिन वो पीछे हट गईं थीं।
उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘हम रिलेशनशिप में थे, ये बात हर कोई जानता है। उसके बाद रातों रात उनकी शादी हुई और मैं एक कमरे में बंद हो गई थी। वो शादी के बाद भी मेरे साथ रिलेशन में रहना चाहते थे लेकिन मैं ऐसा बिल्कुल नहीं चाहती थी।’
अक्षरा सिंह ने यह भी आरोप लगाया था कि ब्रेकअप के बाद उनकी सफलता से पवन सिंह जलने लगे थे और उन्हें जान से मार देने की धमकियां भी दी। अक्षरा सिंह अब इस विवाद से पूरी तरह आगे निकल चुकी हैं और अब वो अपने गानों और फिल्मों को लेकर काफी लोकप्रिय भी हैं।
अक्षरा सिंह से एक इंटरव्यू के दौरान शादी को लेकर पूछा गया था जिस पर उनका कहना था कि उन्हें अभी अपने करियर पर फोकस करना है। उन्होंने बताया था कि फिलहाल वो शादी की बारे में नहीं सोच रहीं।