भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘मैंने उनको साजन चुन लिया’ का फर्स्ट लुक सामने आया है। गुरुवार (13-09-2018) यानी गणेश चतुर्थी के दिन पवन सिंह की फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया गया है। फिल्म के फर्स्ट लुक को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है। फिल्म में अभिनेत्री काजल राघवानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का जो पोस्टर रिलीज किया गया है उसमें पवन सिंह स्टाइलिश लुक में नजर आ रहे हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक पवन सिंह के चाहने वालों को काफी पसंद आया है। इससे पहले पवन सिंह और काजल राघवानी की फिल्म ‘तोहरा जइसन यार कहां रे’ भी लोगों को काफी पसंद आई थी।

फिल्म ‘मैंने उनको साजन चुन लिया’ के बारे में कहा जा रहा है कि फिल्म में पवन सिंह अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ ऑन स्क्रीन रोमांस करते हुए नजर आएंगे। कहा जा रहा है कि इस फिल्म का लव एंगल जबरदस्त है। फिल्म का निर्देशन बुक्ची सिंह, एसपी सिंह और आकाश कुमार टुड्डू ने किया है। ‘मैंने उनको साजन चुन लिया’ पहली ऐसी भोजपुरी फिल्म है जिसे देहरादून की खूबसूरत वादियों के बीच फिल्माया गया है।

आपको बता दें कि भोजपुरी फिल्मों के गायक और एक्टर पवन सिंह ने कई हिट फिल्में दिये हैं। ‘देवरा बड़ा सतावेला’, ‘भोजपुरिया राजा’ पवन सिंह की बड़ी फिल्में हैं। पवन सिंह बिहार के आरा के रहने वाले हैं। सुपरहिट सॉन्ग ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से उन्होंने बड़ी लोकप्रियता हासिल की थी। साल 2016 में पवन सिंह को अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी फिल्म अवार्ड्स समारोह में बेस्ट सिंगर के खिताब से भी नवाजा गया था।