पवन सिंह ना सिर्फ भोजपुरी के लोकप्रिय सिंगर हैं बल्कि भोजपुरी सिनेमा में भी उनकी तुलना बॉलीवुड के सलमान खान से होती है। गौरतलब है कि नायक बनने से पहले पवन सिंह की पहचान गायक के तौर पर ही रही है। भोजपुरी गायकों के बीच पवन सिंह का अलग ही मुकाम है। यही कारण है कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी शो के लिए बुलावा आता है। और इसके लिए वे तगड़ी फीस भी वसूलते हैं।
बता दें पवन सिंह एक गाने के लिए 3 से 4 लाख रुपए चार्ज करते हैं। फिल्मों के लिए गाने की बात हो या फिर एल्बम के गानों की, पवन सिंह इतनी ही फीस चार्ज करते हैं। वहीं पवन सिंह के बाद खेसारी लाल भोजपुरी के ऐसे दूसरे सिंगर हैं जो एक गाने के लिए 2 से 3 लाख रुपए बतौर फीस लेते हैं। ऐसे में पवन सिंह भोजपुरी के सबसे महंगे सिंगर्स में शुमार हैं।
भोजपुरी गानों के एल्बम से लेकर स्टेज शो करने तक के लिए पवन सिंह तगड़ी फीस लेते हैं। देश में उनके शो की बात करें तो वे 10 से 15 लाख रुपए एक शो का लेते हैं। वहीं अगर विदेशों से स्टेज शो के लिए बुलावा आता है तो पवन सिंह 30 से 40 लाख रुपए चार्ज करते हैं। पवन सिंह का ही एक गाना-लॉलीपॉप विदेशों तक में खूब सुना जाता है। यह गाना पवन सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक बना।
बचपन से ही शो कर रहे पवन सिंह
बता दें कि पवन सिंह बचपन से ही स्टेज शो करते आ रहे हैं। पवन सिंह के चाचा अजीत सिंह उनको गांव-गांव स्टेज शो कराने अपने साथ ले जाया करते थे। जानकारी के लिए बता दें कि पवन सिंह के चाचा खुद एक गायक हैं। बचपन में भी पवन सिंह की आवाज की लोग तारीफ किया करते थे। पवन सिंह के गाने का पहला एल्बम ‘ओढ़निया वाली’ था। इस एल्बम के गानों ने पवन सिंह को बुलंदियों पर पहुंचा दिया। उस दौर से आते हुए पवन सिंह आज भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार बन चुके हैं।