साल 2008 में भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने एक गाना गाया था ‘लॉलीपॉप लागेलू।’ यह गाना लोगों के बीच उस वक्त काफी मशहूर हुआ था। इस गाने नें पवन सिंह को रातों रात सुपरस्टार बना दिया था। यह गाना ना सिर्फ भारत में लोकप्रिय हुआ बल्कि विदेशों में भी इसको हाथों हाथ लिया गया। लेकिन पवन सिंह के नाम के आगे इसके लिरिक्स राइटर का नाम कहीं दब सा गया और भोजपुरी का सबसे हिट गाना लिखने के बाजवूद भी उनके नाम से कम ही लोक परिचित हैं।

बता दें कि पवन सिंह के लॉलीपॉप गाने को जाहिद अख्तर ने लिखा था। जाहिद के मुताबिक इस गाने के लोकप्रिय होने से पहले भी वह पवन सिंह के लिए कई गाने लिख चुके थे। लेकिन इस गाने से पवन सिंह को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। भारत सहित विदेशों में भी इस गाने को चाव से सुना जाता है। जाहिद अख्तर ने भोजपुरी में गीत लिखने की शुरुआत साल 1998 से की लेकिन साल 2007 में लिखा उनका गीत लॉलीपॉप काफी हिट हुआ। जाहिद का सबसे पहला एलबम भक्ति सॉन्ग पर आधारित था। नाम था- हे मां।

2006 में हुई पवन सिंह से मुलाकातः जाहिद अख्तर की पवन सिंह से मुलाकात साल 2006 में टी सीरीज के स्टूडियो में हुई थी। यहीं पर पवन सिंह के चाचा अजीत सिंह भी थे। चाचा ने ही साथ काम करने को कहा। जाहिद ने लॉलीपॉप लागेलू से पहले पवन सिंह के साथ दो तीन एलबम में काम कर चुके थे। पवन सिंह के लिए उन्होंने पहला गाना लिखा- माई डोली चढ़ चललू सेवक घरवां। यह गाना भी काफी हिट हुआ। साल 2007 में फिर लॉलीपॉप गाना लिखा। इतना हिट गाना लिखने वाले जाहिद को कम ही लोग जानते हैं। यहां तक कि गूगल सर्च में भी उनका नाम नहीं आता। यूट्यूब सर्च में भी नाम नहींं देखने को मिलता है। बता दें जाहिद ने पवन सिंह के लिए 20 फिल्मों में गाने लिख चुके हैं। साथ ही निरहुआ और खेसारी के लिए भी गाने लिखे।

कई वर्जन में बना लॉलीपॉप गानाः गौरतलब है कि तू लगावेलू जब लिपिस्टिक हिलेला आरा डिस्टिक’ गाना यू-ट्यूब पर कई वर्जन के साथ देखा जा सकता है। इस गाने की लोकप्रियता इतनी है कि इसे सिंगर और म्यूजिक कंपोजर सिद्धार्थ सलेथिया ने भी गाया। इतना ही नहीं करीब एक साल पहले इस गाने को एक अफ्रीकन सिंगर ने भी गाया था। कुछ महीने पहले बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ ने भी अपने एक शो में लॉलीपॉप गाया था। इस गाने का यू-ट्यूब लिंक आज भी लोग खूब सर्च करते हैं। भोजपुरी के सिंगर और एक्टर पवन सिंह द्वारा गाए गए इस गाने को जाहिद अख्तर ने लिखा था जबकि इसके म्यूजिक डायरेक्टर विनय विनायक हैं।