भोजपुरी एक्ट्रेस नीलिमा सिंह अब जल्द ही छोटे पर्दे के एक मशहूर शो में नज़र आएंगी। नीलिमा सिंह मशहूर टीवी शो ‘निमकी मुखिया’ में अनारो देवी की भूमिका निभाएंगी। अब तक इस शो में अनारो देवी की भूमिका गरिमा सिंह निभाती आई हैं। भोजपुरी एक्ट्रेस नीलिमा सिंह इससे पहले भी छोटे पर्दे पर अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत चुकी हैं। नीलिमा सिंह ‘उतरन’ और ‘बेगूसराय’ धारावाहिक में इससे पहले काम कर चुकी हैं। ‘निमकी मुखिया’ में नीलिमा सिंह का निगेटिव किरदार होगा।
‘निमकी मुखिया’ में अपने किरदार को लेकर नीलिमा सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि ‘मैं अनारो देवी की भूमिका निभा रही हूं, जिसे पहले गरिमा निभा रही थीं। मैं उनके स्तर पर पूरी तरह से पहुंचने व दर्शकों का दिल जीतने की पूरी कोशिश करूंगी। गरिमा सिंह एक अच्छी कलाकार है।’
नीलिमा सिंह ने बतलाया कि इस भूमिका की तैयारी के लिए उन्होंने अनारो की भूमिका वाले गरिमा के एपिसोड को देखा है। उन्होंने कहा कि ‘मैंने भाव और उनके बॉडी लैंगवेज को अपनाने की कोशिश की है। इसके अलावा भी मैं अपना बेहतरीन करने की कोशिश करूंगी। मेरे लिए उच्चारण कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि मैं खुद बिहार से हूं।’
बता दें कि नीलिमा सिंह भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की मां हैं। अक्षरा सिंह भोजपुरी जगत की एक सुपरहिट एक्ट्रेस और बेहतरीन गायक भी हैं। यूट्यूब पर उनके गाये हुए गाने आए दिन वायरल होते रहते हैं। हाल ही में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के साथ उनकी फिल्म ‘मां तुझे सलाम’ रुपहले पर्दे पर आई है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।

