भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह आज भोजपुरी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेस मानी जातीं हैं। एक्टिंग से शुरुआत करने वाली अक्षरा सिंह अब गानों के जरिए भी खूब लोकप्रियता बटोर रही हैं। लेकिन अक्षरा सिंह के इस शानदार करियर में कई विवाद भी हुए जिसमें अभिनेता पवन सिंह के साथ उनका विवाद सबसे ज्यादा चर्चित रहा। ब्रेकअप के बाद दोनों का रिश्ता इतना बिगड़ा कि बात एफआईआर तक पहुंच गई थी। इसके बाद भी अक्षरा सिंह के साथ कई नाम जुड़े हैं जिस पर हाल ही में अभिनेत्री ने जवाब भी दिया है।
पवन सिंह से विवाद के दौरान अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाए थे कि उनके करियर को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। इस विवाद के बावजूद भी अक्षरा सिंह आज एक बड़े मुकाम पर हैं। हाल ही में अक्षरा सिंह ने देसी भारत नामक एक मीडिया प्लेटफॉर्म से बातचीत की जहां उन्होंने अपने अफेयर और शादी से जुड़े सवालों का जवाब दिया।
अक्षरा सिंह ने विवादों और भोजपुरी इंडस्ट्री में कई दुश्मन होने के बावजूद भी आगे बढ़ते रहने को लेकर कहा, ‘दुश्मन तो बहुत पहले से ही पाल रखा है। जितने मेरे दुश्मन होंगे, उतनी तरक्की होगी, ईश्वर की कृपा से।’
भोजपुरी स्टार्स से अफेयर की खबरों पर अक्षरा सिंह ने बड़ा ही सकारात्मक जवाब दिया। वो बोलीं, ‘ये तो एक प्लस प्वाइंट है। अगर आपको जोड़ी के हिसाब से लोग पसंद करते हैं तो मेरे लिए एक प्लस है। मैं जिसके साथ काम करती हूं, वो जोड़ी चर्चे में आ जाती है, तो मैं इसे सकारात्मक तरीके से लेती हूं। लेकिन मैं बहुत सालों से अकेली हूं।’
उन्होंने शादी को लेकर कहा कि उन्हें अभी शादी नहीं करनी बल्कि बहुत काम करना है और नाम कमाना है। अक्षरा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत साल 2010 में फिल्म सत्यमेव जयते से की थी। रवि किशन के साथ उनके काम को पसंद किया गया लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता तब मिली जब उनकी जोड़ी पवन सिंह के साथ बनी।
पवन सिंह के साथ उन्होंने सौगंध गंगा मैया के, सत्या, प्रतिज्ञा 2 आदि फिल्मों में काम किया। इसी बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ीं जिसे लेकर दोनों के शादी के कयास भी लगाए गए लेकिन जब ये खबर आई कि पवन सिंह ने शादी कर ली है तो दोनों के रिश्ते बेहद खराब हो गए। अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर करियर बरबाद करने की कोशिश, शादी के दिन कैद करके रखने जैसे कई आरोप लगाएं।