मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह जल्दी ही ‘लॉलीपॉप लागेलू’ में नजर आएंगी। जी हां, सूत्रों की मानें तो निर्देशक भूपेंद्र कुमार और निर्माता विनय शांडि्ल्य अपनी अगली फिल्म में अभिनेत्री अक्षरा सिंह को बिल्कुल नये अंदाज में लाने की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म का नाम ‘लॉलीपॉप लागेलू’ रखा गया है। इस फिल्म पर काम भी शुरू हो चुका है। खबर है कि फिल्म में अक्षरा सिंह के साथ किसी नये कलाकार को मौका दिया जा सकता है। कुछ दिनों पहले ही मुंबई में ‘लॉलीपॉप लागेलू’ का मुहर्त रखा गया था। इस दौरान फिल्म की अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ-साथ टीम के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद थे।

जाहिर है ‘लॉलीपॉप लागेलू’ फेमस भोजपुरी गायक और एक्टर पवन सिंह का गाया हुआ एक गाना है। यह गाना आज भी लोगों के जुबान पर चढ़ा हुआ है। इस गाने ने पवन सिंह को खासी पहचान दिलाई थी। इस सुपर-डुपर हिट गाने की पहचान देश और विदेश सभी जगहों पर है। अक्षरा की अपकमिंग फिल्म का नाम इसी गाने से लिया गया है। हालांकि इस फिल्म में पवन सिंह बतौर अभिनेता काम करेंगे? इसे लेकर सस्पेंस है।

बहरहार आपको बता दें कि पवन सिंह और अक्षरा की जोड़ी भोजपुरी सिने पर्दे पर हिट रही है। इस जोड़ी ने अब तक कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। अक्षरा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत टीवी धारावाहिकों से की थी। जिसके बाद अब तक उन्होंने करीब 50 फिल्मों में काम किया है। पर्दे पर पवन सिंह और अक्षरा सिंह को देखना दर्शकों को काफी पसंद है।

जल्द ही दोनों की फिल्म ‘मेंटल राजा’ रुपहले पर्दे पर रिलीज होने वाली है। अक्षरा सिंह भोजपुरी फिल्मों की बेहतरीन अदाकारा होने के साथ-साथ एक अच्छी सिंगर भी हैं। हाल ही में एक अल्बम ‘भाग आएब ससुराल से’ में उनका गाया हुआ गाना सोशल मीडिया पर काफी हिट हुआ था। इसके अलावा अक्षरा का कांवरियां सॉन्ग भी काफी चर्चित हुआ था।