Akshara singh Bhojpuri Actress: भोजपुरी फिल्मों की जानी मानीं एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अपनी फिल्मों और गानों के लिए काफी पॉपुलर हैं। अक्षरा ने जितनी अपनी फिल्मों के ज़रिये प्रसिद्धि हासिल की है। उतना ही उनका विवादों से भी नाता जुड़ा रहा है। उनके बारे में कहा जाता है कि, वो वही करती हैं जो उनके दिल में होता है या उन्हें करना होता है। पिछले दिनों अक्षरा सिंह एक बार फिर तब सुर्खियों में आ गईं जब उन्होंने अपने को-स्टार और सिंगर रितेश पांडे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अक्षरा ने रितेश पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने तक का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कि रितेश पांडे पहले  शख्स नहीं हैं, जिनसे अक्षरा सिंह का विवाद हुआ है। एक वक्त पर अक्षरा सिंह और पवन सिंह के रिश्ते के चर्चे भोजपुरी सिनेमा में खूब थे। लेकिन पवन सिंह की शादी के बाद दोनों के बीच में दरार आ गई और अक्षरा ने पवन सिंह पर कुछ गंभीर आरोप लगाए थे, बात पुलिस तक पहुंच गई थी। इस मामले को लेकर अक्षरा ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मैं बहुत गंदे फेस से गुजर रही हूं। यह बात सभी जानते हैं। उस वक्त मैं चाहती तो बहुत कुछ कर सकती थी। लेकिन मैंने कभी नहीं किया। क्योंकि मैं वैसी नहीं हूं।’

वहीं इस बात को लेकर पवन सिंह ने मीडिया के सामने कभी कोई सफाई पेश नहीं की। एक बार भोजपुरी फिल्मों के प्रोड्यूसर निशांत उज्जवल ने जब पवन सिंह से इस बारे में पूछना चाहा, तो उन्होंने नो कमेंट्स और भगवान उनका भला करें जैसे शब्द कह कर कोई रिएक्शन न देते हुए कन्नी काट ली थी। वहीं नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक अक्षरा सिंह ने अपने एक इंटरव्यू में साफ तौर पर कहा था कि पवन सिंह की शादी के बाद उन्होंने उनसे दूरी बना ली। लेकिन एक्टर ने उनसे मारपीट की थी।

ताज़ा विवाद अक्षरा सिंह और रितेश पांडेय के बीच का है। इन दोनों एक्टर्स में किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई थी। विवाद इस हद तक बढ़ गया कि मामला थाने तक जा पहुंचा। अक्षरा सिंह ने ‘सारनाथ’ थाने में रितेश पांडेय के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। अक्षरा के मुताबिक, शूटिंग के दौरान रितेश पांडेय ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। जब एक्ट्रेस ने इस बात का विरोध किया, तो वो मारपीट और गालीगलौच करने लगे। इतना ही नहीं अक्षरा की मानें तो रितेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली।