भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह भोजपुरी के ऐसे पहले सिंगर बन गए हैं जिन्होंने बॉलीवुड के किसी म्यूजिक कंपोजर के साथ काम किया है। पवन सिंह ने बॉलीवुड म्यूजिशियन सलीम सुलेमान के साथ मिलकर एक होली का गाना, ‘बाबूनी तेरे रंग में’ बनाया है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। पवन सिंह ने इस गाने में वेब सीरीज ‘आश्रम’ फेम अभिनेत्री त्रिधा चौधरी के साथ डांस किया है जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। पवन सिंह के सुपरस्टार बनने का यह सफर आसान नहीं था। उन्होंने एल्बम्स के जरिए अपने सफर की शुरुआत की और अब उनकी पहचान इतनी है कि वो बॉलीवुड के लोगों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
पवन सिंह ने अपने स्ट्रगलिंग लाइफ का जिक्र करते हुए हाल ही में बताया कि एक बार उन्होंने अपने भाई की किताब से 10 रुपए चुरा लिए थे जिसके बाद उनके भाई ने उनकी जबरदस्त पिटाई कर दी थी। पवन सिंह ने देशी भारत नाम के एक मीडिया प्लेटफॉर्म से बातचीत में बताया, ‘मुझे आज भी वो दिन याद है कि मैंने अपने बड़े भाई के किताब से 10 रूपए चुरा लिए थे। उस दिन बड़े भईया ने मुझे बहुत पिटा। वही लड़का आज सलीम सुलेमान के साथ काम कर रहा है तो ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है।’
पवन सिंह का कहना है कि चाहे वो किसी के साथ काम करें लेकिन भोजपुरी उनकी मां है और वो हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी। पवन सिंह ने भोजपुरी स्टार्स के बीच चलने वाले कोल्ड वार के बारे में भी बात की और कहा कि सभी को मिलकर रहना चाहिए। वो बोले, ‘भोजपुरी इंडस्ट्री छोटी इंडस्ट्री है। हम जितने लोग हैं मिलकर काम करें, तो और ज्यादा मजा आएगा। सबको मिल जुल कर रहना चाहिए, एक- दूसरे को बुरा भला बोलकर या गाली देकर क्या मिलने वाला है।’
पवन सिंह अक्सर विवादों पर कम ही बोलते हैं। वो कहते हैं कि उनका काम बोलता है इसलिए वो इन बातों पर चुप रहते हैं। इस बात में सचाई भी है कि उनके काम को दर्शकों का प्यार मिलता आया है और कई विवादों के बावजूद भी वो आगे बढ़ते रहे हैं। उनके मधुर आवाज का हर संगीत प्रेमी प्रशंसक है। पवन सिंह ने अपने करियर की शुरुआत भी गानों से ही की थी।
उनके चाचा गायक थे और उन्हें देखकर ही पवन सिंह को गायक बनने का ख्याल आया था। उनके पहले एल्बम का नाम था, ‘ओढनिया वाली।’ इस एल्बम को ठीकठाक रेस्पॉन्स मिला। पवन सिंह रातों रात फेमस तब हुए जब उनका गाना, ‘लॉलीपॉप लागेलू’ जबरदस्त हिट हुआ। आज भी यह गाना टॉप भोजपूरी गानों में शामिल है।