अभिनेता और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने भोजपुरी के अश्लील गानों पर प्रतिबंध की मांग करते हुए केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल, सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिट्ठी लिखी है। रवि किशन ने मांग की है कि भोजपुरी फिल्मों और गीतों में अश्लीलता पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाए जाएं।

रवि किशन ने अपने पत्र में लिखा कि पिछले कुछ दशक से भोजपुरी फिल्म और गानों के स्तर में गिरावट आई है। भोजपुरी फिल्में और गाने अश्लीलता का पर्याय बन चुके हैं और यह गंभीर चिंता का विषय है। इससे युवाओं के कोमल मन-मस्तिष्क पर बुरा असर होता है इसलिए भोजपुरी फिल्म और गानों की अश्लीलता पर लगाम लगाने की अविलंब आवश्यकता है।

रवि किशन भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और इसी क्रम में उन्होंने यह पत्र केंद्रीय मंत्रियों समेत मुख्यमंत्रियों को लिखा है। रवि किशन 30 से अधिक सालों से भोजपुरी सिनेमा से जुड़े रहे हैं और सांसद बनने के बाद लगातार उन्होंने भोजपुरी सिनेमा के उत्थान के लिए प्रयास किए हैं।

बीजेपी सांसद ने अपने ट्विटर अकाउंट से कई ट्वीट भी किए हैं जिसमें उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता पर सख़्त कानून की मांग की है। रवि किशन ने अपने एक ट्वीट में लिखा, ‘भोजपुरी भाषा के सम्मान में..देश के 25 करोड़ लोगों की प्रिय भाषा भोजपुरी की अस्मिता और सम्मान की लड़ाई..भोजपुरी फिल्मों और गानों में अश्लीलता रोकने के लिए बने सख्त कानून। उत्तर प्रदेश और बिहार के माननीय मुख्यमंत्री व केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री को लिखा पत्र।’

 

रवि किशन इससे पहले भी भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने भोजपुरी में अश्लीलता पर कहा था, ‘कुछ दुष्ट लोग आए हैं इंडस्ट्री में। कुछ लोग हैं जो कुछ लाख रुपए कमाने के लिए अश्लील गाने, अश्लील फिल्में बना देते हैं लेकिन वो लोग फ्लॉप हो जाते हैं। कुछ एल्बम हैं जिनकी वजह से भोजपुरी का नाम खराब होता है। वो सिनेमा नहीं है।’

 

उन्होंने आगे कहा था, ‘उन एल्बम्स का भोजपुरी सिनेमा से कोई लेना देना नहीं है, ये एक बिल्कुल अलग दुनिया हैं और ये आगे बढ़ेगा। मैं इस इंडस्ट्री का कर्जदार हूं और हमेशा इसका अच्छा सोचता रहूंगा।’