भोजपुरी इंडस्ट्री के कई सुपरस्टार पूरे देश में लोकप्रिय हैं। ऐसे ही एक स्टार हैं अरविंद अकेला कल्लू। भोजपुरी इंडस्ट्री के जस्टिन बीबर कहे जाने वाले अरविंद अकेला कल्लू का नया भोजपुरी गाना ‘क्या खूब लगती हो’ रिलीज हो गया है।

अरविंद के इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो दिन पहले रिलीज हुए इस गाने को‌ यूट्यूब पर अबतक 1.2 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना ‘हम भोजपुरी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। इस गाने में अरविंद अकेला कल्लू के साथ अंतरा सिंह प्रियंका भी नजर आई हैं। इस गाने को अरविंद अकेला कल्लू ने गाया है जबकि लिखा श्याम देहाती ने है। गाने में हरी साड़ी पहनकर अंतरा सिंह इतराती हुई नजर आ रही हैं। 3 मिनट 18 सेकेंड का यह गाना दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। इस गाने के शब्द हैं ‘ क्या देख रहे हो फोकट में आंख तुम सेक रहे हो’। इससे पहले भी उनके कई गाने जबरदस्त हिट साबित हो चुके हैं।

‘काल्हे चल जईबु ससुरा’ भी हुआ था जबरदस्त हिट : एक सप्ताह पहले रिलीज हुआ अरविंद का गाना ‘काल्हे चल जईबु ससुरा’ भी जबरदस्त हिट साबित हुआ था। इस गाने को एक हफ्ते में यूट्यूब पर 2.4 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। यह गाना ‘पी आर ए म्यूजिक’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था। इसके अलावा पांच महीने हफ्ते पहले आया अरविंद अकेला कल्लू और अंतरा सिंह प्रियंका का गाना ‘साली जी सहारा करो’ भी जबरदस्त हिट हुआ था। इस गाने को यूट्यूब पर 67 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना ‘आदिशक्ति फिल्म’ नाम के यूट्यूब पर रिलीज हुआ था।

13 साल की उम्र में अरविंद ने पाई थी शोहरत : अरविंद अकेला कल्लू ने जस्टिन बीबर की तरह ही छोटी उम्र में ही शोहरत पा ली थी। अरविंद सिंह अकेला ने ‘गवनवा कहिया ले जईबा ना’ से म्यूजिक इंडस्ट्री में डेब्यू किया था, पहले ही एल्बम ने उन्हें मशहूर बना दिया। इसके बाद उनका अगला एल्बम आया ‘लव का टॉनिक’, इस एल्बम ने कई रिकॉर्ड तोड़े थे। इसके बाद कलुआ ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अरविंद की दस साल की उम्र में उनकी देवी गीतों वाली एल्बम ‘झूला झूले शेरावाली’ को भी खूब पसंद किया गया था।