Badhaai Ho Box Office Collection Prediction: आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा की फिल्म ‘बधाई हो’ 17 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शक खासा उत्साहित हैं। अमिर रविन्द्रनाथ शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म बधाई हो एक फैमिली ड्रामा फिल्म है। फिल्म की कहानी एक दम अलग है जिसमें शादी की राह देख रहे आयुष्मान (नकुल) को पता लगता है कि उसकी मां प्रेग्नेंट है। फिल्म में आयुष्मान की मां का रोल नीना गुप्ता ने अदा किया है। जबकि आयुष्मान की गर्लफ्रेंड की भूमिका दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा ने निभाई है। गजराज राव ने फिल्म में पिता का रोल निभाया है।
फिल्म शर्म, वास्तविकता और बधाई से भरपूर है। फिल्म की कहानी से लोगों को हंसाने का दावा किया जा रहा है। फिल्म का बजट करीब 25 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। जिसमें सात करोड़ रुपए फिल्म के प्रचार में खर्च किए गए हैं। फिल्म को भारत में करीब 1000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है। ट्रेड पंडित ऐसे कयास लगा रहे हैं कि पहले दिन फिल्म 6-8 करोड़ रुपए की कमाई करने में सफल हो सकती है। इसके साथ ही फिल्म को वीकेंड (दशहरा) का भी फायदा मिलेगा। ऐसे में फिल्म दो-तीन दिन के भीतर ही 30 करोड़ रुपए की कमाई करने में सफल हो सकती है।

दो सप्ताह पहले रिलीज हुई आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘अंधाधुन’ बॉक्स ऑफिस पर अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दो करोड़ 40 लाख रुपए की ओपनिंग की थी। दूसरे वीक की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल कलेक्शन 43 करोड़ 35 लाख रुपए हो गया है। बता दें कि 19 अक्टूबर को अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ रिलीज होगी। माना जा रहा है कि फिल्म ‘बधाई हो’ और ‘नमस्ते इंग्लैंड’ की बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर हो सकती है।