बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर हाल ही में फिलम ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म में नजरआए हैं। इस फिल्म के जरिए अर्जुन कपूर ने फैंस का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। फिल्म के अलावा अर्जुन कपूर बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू को लेकर भी काफी चर्चा में हैं। इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने बोनी कपूर और श्रीदेवी की शादी को लेकर बात की, साथ ही इस बात का भी खुलासा किया कि दोनों की शादी के बाद उनके दोस्त स्कूल में उन्हें चिढ़ाया करते थे। इसके साथ ही अर्जुन कपूर ने बताया कि पिता की दूसरी शादी के बाद वह काफी मुश्किल दौर से गुजर चुके हैं।
बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने बताया, “मैं बहुत ही व्यक्तिगत पीड़ा से गुजरा हूं। मैं निजी उथल-पुथल से भी गुजर चुका हूं। एक बच्चे के तौर पर मुझे मेरे माता-पिता के अलगाव से गुजरना पड़ा। उस वक्त ये चीजें मेरे लिए काफी मुश्किलों भरी होती थीं, क्योंकि मेरे पिता एक हाई प्रोफाइल वाले इंसान थे।”
अर्जुन कपूर ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, “जिस महिला के साथ रहने का उन्होंने फैसला किया था, वह भारत की सबसे बड़ी सुपरस्टार थीं। अगर आप सभी नौजवान अभिनेताओं के स्टारडम को मिलाएंगे तो जाकर आप उनके स्टारडम तक पहुंच पाएंगे।”
अर्जुन कपूर ने दोस्तों का जिक्र करते हुए आगे कहा, “बच्चों द्वारा यह पूछे जाना, खासकर एक बेस्ट फ्रेंड का यह बोलना, ‘नई मां पाकर कैसा महसूस हो रहा है?’ ये चीजें मेरे लिए आसान नहीं थीं। ये चीजें इंसान को और भी ज्यादा संवेदनशील बना देती हैं। यह बात किसी तरह की सहानुभूति या कोई दुखद कहानी बनाने के लिए नहीं है। यह सच्चाई है और मैं इससे लड़ा भी हूं।”
बता दें कि अपने एक इंटरव्यू में अर्जुन कपूर ने श्रीदेवी और बोनी कपूर के रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा था, “मैं यह नहीं कह सकता हूं कि मेरे पिता ने जो कुछ किया, मैं उससे सहमत हूं। मैं यह भी नहीं कह सकता कि ठीक है होता है, क्योंकि मुझे हमेशा ही इस बात पर हैरानी होगी।” इसके अलावा अर्जुन कपूर ने हाल ही में अपनी और जाह्नवी कपूर की बॉन्डिंग पर भी चुप्पी तोड़ी, जिसमें एक्टर ने कहा कि मैं यह नहीं कह सकता कि सबकुछ परफेक्ट है।