बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अर्जुन कपूर का आज 36वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के इस खास अवसर पर परिवारजनों और फैंस ने उन्हें खूब सारी बधाइयां दी हैं। एक्टर ने फिल्म ‘इशकजादे’ से बॉलीवुड में कदम रखा था और इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आए। जहां कुछ फिल्में उनकी हिट साबित हुईं तो वहीं कुछ फिल्में पर्दे पर बुरी तरह से फ्लॉप हो गई थीं। अर्जुन कपूर की फिल्म की रिलीज से कुछ ही दिनों पहले उनकी मां मोना कपूर ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। यूं तो एक्टर ने खुद को संभाल लिया था लेकिन वह मां के जाने के बाद वह हमेशा एक बात को लेकर परेशान रहते थे।
अर्जुन कपूर की वो चिंता कुछ और नहीं बल्कि बहन अंशुला कपूर से जुड़ी हुई थी। इस बात का खुलासा खुद एक्टर ने द ट्रिब्यून एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में किया था। अर्जुन कपूर ने अपनी छोटी बहन के बारे में बात करते हुए कहा था, “जब मां का निधन हुआ, मैं हमेशा यही सोचता रहता था कि मैं अंशुला का ध्यान कैसे रखुंगा?”
अर्जुन कपूर ने इस बारे में आगे बताया, “मैं खुद का ख्याल रखने के लिए तो तैयार हो गया था, लेकिन मैं अंशुला का ख्याल कैसे रखता? ये बिल्कुल बिना तैयारी के बच्चे को संभालने जैसा था। वह मेरी बच्ची की तरह ही है। वही एक इंसान है, जिसे लेकर मैं सबसे ज्यादा प्रोटेक्टिव हूं।”
अर्जुन कपूर ने बहन के बारे में बात करते हुए कहा, “वह यूएस में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी, लेकिन मेरी फिल्म की रिलीज के वक्त वह मेरे पास वापस आ गई थी। वह मेरे पास उस वक्त आई थी, जब उसे बहुत ही अच्छी नौकरी विदेश में मिल सकती थी। मैं भी उसे अपने पास ही चाहता था, लेकिन यह बात मैं कभी भी उससे कह नहीं पाया था।”
अर्जुन कपूर ने बताया कि उनकी छोटी बहन हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ एक चट्टान की तरह खड़ी रही थी। इससे इतर हाल ही में अर्जुन कपूर बोनी कपूर और श्रीदेवी के रिश्ते पर दिये गए अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए थे। अर्जुन कपूर ने उनके रिश्ते पर कहा था, “मैं यह नहीं कह सकता कि मेरे पिता ने जो कुछ किया मैं उससे बिल्कुल सहमत हूं।”