बॉलीवुड के प्रसिद्ध सिंगर अरिजीत सिंह अपनी रूहानी आवाज़ से सबके दिलों पर राज करते हैं। ‘सांवरिया’ फिल्म के गानों से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरिजीत सिंह ‘आशिकी -2′ के गानों से रातों- रात स्टार बन गए थे। इसके बाद अरिजीत को रोमांटिक गानों का किंग कहा जाने लगा। उनकी पर्सनल लाइफ भी कम रोमांटिक नहीं है। हालांकि अरिजीत अपनी निजी जिंदगी के बारे में बहुत कम बात करते हैं। अरिजीत सिंह ने दो शादियां की हैं।
साल भर में ही टूट गई पहली शादी- अरिजीत सिंह प्लेबैक सिंगिंग से पहले रियलिटी शोज़ में हिस्सा लिया करते थे। इसी दौरान 2013 में उन्हें एक रियलिटी शो, ‘फेम गुरुकुल’ की को कंटेस्टेंट रूपरेखा बनर्जी से प्यार हुआ और दोनों ने शादी कर ली। लेकिन यह शादी ज़्यादा दिन नहीं चल पाई और दोनों उसी साल अलग हो गए।
जब अरिजीत सिंह ने एक बच्चे की मां से रचाई दूसरी शादी- अरिजीत सिंह ने अपनी दूसरी शादी एक बच्चे की मां से की है जो उनके बचपन की दोस्त भी हैं। रूपरेखा से अलग होने के बाद अरिजीत ने 2014 में अपनी बचपन की दोस्त रहीं कोयल रॉय से शादी कर ली। कोयल रॉय की पहली शादी ठीकठाक नहीं चल रही थी। इस कारण उन्होंने अपने पति से तलाक ले लिया था। कोयल को पहली शादी से एक बच्चा भी था।
लंबे समय तक छुपाकर रखा इस शादी को- अरिजीत सिंह ने कोयल से अपनी शादी की बात को लंबे समय तक छुपाए रखा था। उन्होंने गुपचुप तरीके से शादी की थी। कुछ समय बाद इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर कर दी थी। अरिजीत सिंह ने कोयल रॉय से अपने संबंधों का ज़िक्र करते हुए एक इंटरव्यू के दौरान बताया था, ‘हम दोनों को फिल्मों का बहुत शौक था। दोनों चाहते थे कि मिलकर एक किताब लिखे। हम बचपन में साथ में ही पढ़ते थे। सबसे पहले शादी के लिए मैंने उन्हें प्रपोज किया था।’
क्या करतीं हैं कोयल रॉय- अरिजीत सिंह ने इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान एक फिल्म, ‘सा’ डायरेक्ट की थी। इस फिल्म की कहानी कोयल रॉय ने अरिजीत के साथ मिलकर लिखी थी। कोयल अरिजीत के प्रोजेक्ट्स में हेल्प करती हैं। उन्हें किताबों से बहुत लगाव है और वो विभिन्न किस्म की फिल्मों में भी दिलचस्पी रखती हैं।