उत्तर भारत में हरियाणवी गानों का जबरदस्त क्रेज है। हरियाणा से लेकर राजस्थान और यूपी में शादी में लोग हरियाणवी गानों पर नाचते हुए नजर आते हैं। डीजे के अलावा यूट्यूब पर भी हरियाणवी गाने जबरदस्त धमाल मचा रहे हैं। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बाहर भी हरियाणवी गानों को खूब सुना और देखा जा रहा है।
हरियाणवी स्टार कलाकार अनु कादियान उर्फ एके जट्टी का नया गाना ‘बदलूंगी भरतार’ रिलीज हो गया है।रिलीज होते ही यह गाना यूट्यूब पर ट्रेंडिंग में आ गया है। यह गाना लोगों को बेहद पसंद आ रहा है, इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कल (10 दिसंबर 2020 को) रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब पर अबतक 3 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने में अनु कादियान के साथ सुरेंद्र रोमियो नजर आए हैं। इस गाने को ऐंडी दहिया ने लिखा है जबकि गाया खुद अनु कादियान और सुरेंद्र रोमियो ने है।
यह हरियाणवी गाना ‘सीजल एंटरटेनमेंट’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। 3 मिनट 40 सेकेंड का यह गाना दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। इस गाने को नाराज़ हरियाणवी बहू पर फरमाया गया है। इस गाने के शब्द हैं,’ कदी मन्नै फिल्म दिखाता ना कदी शहर घुमाके लाता ना,तन्ने बदलूंगी भरतार बनभौरी के मेले म।’
पेरासिटामोल भी हुआ था जबरदस्त हिट: पिछले महीने आया अनु कादियान और अजय हुड्डा का गाना ‘पेरासिटामोल’ भी जबरदस्त हिट साबित हुआ था। ‘म्हारा टीवी’ पर रिलीज हुआ यह गाना अबतक यूट्यूब पर 3.6 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने में अजय हुड्डा और अनु कादियान कई साल बाद एक साथ नजर आए थे।
‘बहु काले की’ और ‘तागड़ी’ में भी नजर आई थीं अनु कादियान : अनु कादियान हरियाणवी इंडस्ट्री की जानी-पहचानी एक्ट्रेस और सिंगर हैं। अनु कादियान हरियाणवी इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय गानों में से एक ‘बहू काले की’ में भी नज़र आई थीं। अजय हुड्डा के साथ अनु कादियान की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। अनु कादियान अजय हुड्डा के साथ ‘तागड़ी’, ‘गन’ जैसे कई सुपरहिट गानों में नजर आ चुकी हैं।

