पूरे उत्तर भारत में भोजपुरी गानों की लोकप्रियता में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बिहार और पूर्वांचल से बाहर भी भोजपुरी गाने खूब सुने और देखे जा रहे हैं।यूट्यूब पर भोजपुरी गानों की लोकप्रियता तमाम रिकॉर्ड तोड़ रही है। भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह का नया गाना ‘ऐ बाबू सुन डोन्ट टच माई हैंड’ रिलीज हो गया है।

अक्षरा सिंह के इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 29 अक्टूबर को रिलीज हुए इस गाने को‌ यूट्यूब पर अबतक 32 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना ‘ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन भोजपुरी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। इस गाने को अक्षरा सिंह ने गाया है और लिखा अरविंद निषाद ने है। 3 मिनट 17 सेकेंड का यह गाना दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। गाने को यूट्यूब पर जबरदस्त शेयरिंग और लाइक्स भी मिल रहे हैं।

यह गाना लड़के की बेवफाई पर फरमाया गया है। इस गाने के शब्द हैं ‘ जा जा बजाले अपनी शादी का बैंड,ऐ बाबू सुन डोन्ट टच माई हैंड’। यह गाना यूट्यूब पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है। अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-पहचानी स्टार हैं। इससे पहले भी उनके कई गाने जबरदस्त हिट साबित हो चुके हैं।

‘ईधर आने का नहीं’ भी हुआ था जबरदस्त हिट : कुछ महीने पहले आया अक्षरा सिंह का गाना ‘ईधर आने का नहीं’ जबरदस्त हिट साबित हुआ था। 5 महीने पहले रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब पर अबतक 160 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह गाना अक्षरा सिंह के अपने यूट्यूब चैनल पर ही रिलीज हुआ था। 2020 की शुरुआत में आया उनका गाना ‘काॅल करे क्या’ को भी लोगों ने बहुत पसंद किया था। इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 140 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पवन सिंह के साथ अक्षरा सिंह के कई गानों को लोगों ने बहुत पसंद किया है।

भाजपा के लिए अक्षरा ने किया था खूब चुनाव प्रचार : अक्षरा सिंह की बिहार और पूर्वांचल में जबरदस्त लोकप्रियता हैं। बिहार के विधानसभा चुनाव में अक्षरा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के लिए खूब चुनाव प्रचार किया था। उन्हें देखने के लिए उनकी जनसभाओं में जबरदस्त भीड़ में उमड़ी थी।