2020 में कई हरियाणवी गाने जबरदस्त हिट साबित हुए, उत्तर भारत में पूरे साल हरियाणवी गानों ने पंजाबी गानों को जबरदस्त टक्कर दी। जाने-पहचाने हरियाणवी स्टार अजय हुड्डा के कई गाने भी 2020 में जबरदस्त हिट हुए। नए साल के मौके पर अजय हुड्डा का नया हरियाणवी गाना ‘गर्लफ्रेंड’ रिलीज हो गया है। इस गाने में अजय हुड्डा के साथ हरियाणवी स्टार अंजलि राघव नजर आई हैं।

इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब पर लगभग 1 मिलियन बार देखा जा चुका है। ‘गर्लफ्रेंड’ गाना
‘गा मा पा’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। इस गाने को खुद अजय हुड्डा ने लिखा है जबकि इसे गाया अरविंद जांगिड़ ने है। गाने का निर्देशन अमित चौधरी ने किया है। अजय हुड्डा के इस गाने को यूट्यूब पर जबरदस्त शेयरिंग और लाइक्स भी मिल रहे हैं। यह गाना कॉलेज लाइफ प्यार पर फरमाया गया है जिसके शब्द है ‘इक अल्हड़ कुंवारी देगी इश्क बीमारी मेरी सिंगल आली फील सारी एंड हो गई, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां धीरे-धीरे फ्रेंड गर्लफ्रेंड हो गई।’

पिछले साल ‘मोटो’ में भी साथ नजर आई थीं अंजलि राघव : पिछले नए साल के अवसर पर भी अजय हुड्डा का गाना ‘मोटो’ रिलीज हुआ था। इस गाने में भी अजय हुड्डा के साथ अंजलि राघव नजर आई थीं। यह गाना इतना हिट हुआ था कि गाने के शब्द लोगों की जुबां पर आ गए थे। इस गाने को यूट्यूब पर अबतक 500 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। यह 2020 के सबसे हिट हरियाणवी गानों में से एक हैं।

फौज में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं अजय: अजय हुड्डा हरियाणवी गानों में आने से पहले फौजी के तौर पर देश को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अजय हुड्डा फौज में बॉक्सिंग भी कर चुके हैं। अजय हुड्डा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फौज में रहने के दौरान ही उन्होंने गाने लिखने शुरू किए। उन्होंने हरियाणवी रागिनी लिखकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अजय हुड्डा ने हरियाणवी गानों में अभिनय करना भी शुरू कर दिया।