प्रेम और प्रेमी जोड़ों के लिए बेहद ही खास वैलेंटाइन वीक चल रहा है और आज प्रपोज डे है। इस वैलेंटाइन वीक में हम आपको बॉलीवुड की कुछ बेहद चर्चित लव स्टोरीज से रूबरू करवा रहे हैं। इसी कड़ी में आज हम बात करेंगे अभिषेक बच्चन की करिश्मा कपूर, रानी मुखर्जी और फिर ऐश्वर्या राय से रिश्तों की। बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन का नाम सबसे पहले जुड़ा था अपने दौर की मशहूर अभिनेत्री रहीं बबीता की बेटी करिश्मा कपूर से।

करिश्मा से सगाई के कुछ महीनों बाद ही टूट गया था अभिषेक का रिश्ता- अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर पहली बार 1997 में श्वेता बच्चन और निखिल नंदा की शादी में मिले थे। दोनों के बीच पहली नज़र मे ही प्यार हो गया और दोनों ने करीब 5 साल तक एक- दुसरे को डेट किया। 2002 में अमिताभ बच्चन ने अपने 60वें जन्मदिन पर दोनों की सगाई का ऐलान कर करिश्मा को बच्चन परिवार के बहू बनाने की घोषणा कर दी। लेकिन कुछ ही महीनों में बच्चन और कपूर परिवार के बीच दरार आने लगी।

उन दिनों करिश्मा कपूर अपने करियर में बहुत आगे बढ़ चुकीं थीं लेकिन अभिषेक बच्चन का करियर कुछ खास नहीं चल रहा था। रिपोर्ट्स की माने तो करिश्मा की मां चाहतीं थीं कि उनकी बेटी भविष्य में फाइनेंशियली सिक्योर रहे इसलिए उन्होंने अमिताभ बच्चन से एक करार करने की मांग की जिसमें यह लिखा गया था कि अमिताभ बच्चन की प्रॉपर्टी का एक हिस्सा अभिषेक बच्चन के नाम कर दिया जाए।

कहा यह भी जाता है कि जया बच्चन चाहती थीं कि करिश्मा कपूर शादी के बाद फिल्मों से दूरी बना लें। इन्हीं कुछ कारणों से दोनों की शादी होते- होते रह गई और दोनों 2003 में अलग हो गए।

करिश्मा के बाद रानी मुखर्जी पर फिदा हुए अभिषेक बच्चन- करिश्मा कपूर से रिश्ता टूटने के बाद अभिषेक बच्चन रानी मुखर्जी के साथ फिल्म, ‘युवा’ में दिखे थे। फिल्म में दोनों की कैमिस्ट्री काफी पसंद की गई और इसी दौरान दोनों करीब आए थे। दोनों ने साथ में कई फिल्में की और दोनों के अफेयर की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी। लेकिन इस रिश्ते में भी जल्द ही तनाव आने लगा।

साल 2006 में फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ के दौरान दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगी थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक बच्चन की मां जया बच्चन दोनों के रिश्ते से खुश नहीं थीं और उनका मानना था कि रानी मुखर्जी बच्चन परिवार की बहू नहीं बन पाएंगी। इस कारण दोनों अलग हो गए।

ऐश्वर्या राय ऐसे बनी अभिषेक बच्चन की पत्नी- अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय दोनों पहले अच्छे दोस्त थे। दोनों के बीच ‘गुरु’ फिल्म की शूट के दौरान नजदीकियां बढ़ी थीं। 2006 से लेकर 2007 के बीच इनका प्यार परवान चढ़ा। फिल्म के टोरंटो प्रीमियर के दौरान अभिषेक बच्चन ने ऐश्वर्या राय को प्रपोज किया जिसके बाद ऐश्वर्या तुरंत मान गईं। 20 अप्रैल 2007 को दोनों ने सबकी रजामंदी से शादी कर ली।