हिंदी सिनेमा में कई फिल्में हैं जो बड़ी-बड़ी हस्तियों के जीवन पर आधारित हैं। वहीं अब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर एक फिल्म बनने जा रही है। जी हां, इस फिल्म में प्रियंका गांधी का किरदार आहना कुमरा निभाएंगी। आहना फिल्म ‘लिप्सटिक अंडर माय बुरका’ में नजर आ चुकी हैं। इसके बाद अब इस बायोग्राफिकल फिल्म में आहना प्रियंका गांधी बनी नजर आएंगी। इस फिल्म को विजय गुट्टे बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म में हंसल मेहता भी अपना सहयोग दे रहे हैं। इस फिल्म के लिए आहना के लुक में पूरी तरह से ट्रांस्फॉर्मेशन किया जाएगा।
इस फिल्म की स्क्रीन प्ले मयंक तिवारी ने लिखा है। दिग्गज एक्टर अनुपम खेर मनमोहन सिंह का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म में अक्षय खन्ना संजय बारू का किरदार निभाएंगे। इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अनुपम खेर ने कहा कि ‘अपने वक्त के किसी खास शख्स का किरदार निभाना बहुत ही मुश्किल काम होता है। इसका कारण है कि इसमें तुलना की जाती है। मेरे लिए ये चुनौत है जिसके लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूं।’ बता दें, संजय बारू की किताब द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर सामने आने के बाद इसकी काफी चर्चा हुई थी।
वहीं राजनैतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई थी। इतना ही नहीं कांग्रेस और उनकी पॉलिसी को लेकर भी काफी सवाल खड़े होने लगे थे। माना जा रहा है फिल्म 2018 के अंत तक रिलीज की जाएगी। इस फिल्म के जरिए गुट्टे बॉलीवुड में डायरेक्शनल डेब्यू करने जा रहे हैं।
